शिमला: हिमाचल प्रदेश में राज्य कर एवं आबकारी विभाग की ओर से चलाए जा रहे GST जन-जागरूकता अभियान के तहत रोहड़ू स्थित लोक सेवा होटल में GST के विभिन्न प्रावधानों, अनुपालन प्रक्रियाओं और नवीनतम सुधारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करदाताओं, व्यापार मंडल प्रतिनिधियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, अकाउंटेंट्स और विभिन्न सरकारी विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
विभागीय अधिकारियों ने किया कार्यक्रम का संचालन
कार्यक्रम का संचालन सुश्री पूनम ठाकुर (HPRS), सहायक आयुक्त, राज्य कर एवं आबकारी विभाग-सह प्रवर्तन एवं नोडल अधिकारी, जिला शिमला ने किया। इस अवसर पर श्री दीप चंद, सहायक आयुक्त, रोहड़ू तथा श्री अखिल, ASTEO भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य करदाताओं एवं अन्य हितधारकों को GST के मौजूदा प्रावधानों, हालिया संशोधनों और व्यावहारिक अनुपालन प्रक्रियाओं के बारे में सरल एवं उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
GST के महत्वपूर्ण प्रावधानों और सुधारों पर चर्चा
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान GST से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इनमें GST पंजीकरण एवं इससे संबंधित नवीनतम प्रावधान, बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण, Invoice Management System (IMS), Taxpayer Communication Channel, E-Invoice और E-Way Bill से संबंधित आवश्यकताएं शामिल रहीं।
इसके अलावा GST रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया, समयबद्ध अनुपालन, GST के तहत TDS प्रावधान, Taxable Value एवं Invoice Value में अंतर, Cash Ledger के माध्यम से Output Tax Liability का भुगतान तथा Input Tax Credit (ITC) प्राप्त करने की पात्रता एवं आवश्यक शर्तों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में GST 2.0 एवं Next Generation GST Reforms तथा GST कानून एवं प्रक्रियाओं में हाल के संशोधनों के बारे में भी हितधारकों को जानकारी प्रदान की गई।
प्रश्नोत्तर सत्र में करदाताओं ने उठाए विभिन्न मुद्दे
कार्यक्रम का प्रश्नोत्तर एवं संवादात्मक सत्र विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतिभागियों ने GST पंजीकरण, इनवॉइसिंग, ITC, रिटर्न फाइलिंग, E-Way Bill, E-Invoice, TDS और अन्य अनुपालन संबंधी विषयों पर सवाल पूछे।
अधिकारियों ने प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए GST प्रावधानों और अनुपालन प्रक्रियाओं के संबंध में आवश्यक स्पष्टीकरण प्रदान किए। इससे कार्यक्रम को व्यावहारिक और सहभागी स्वरूप मिला।
जागरूकता से मजबूत होगा स्वैच्छिक अनुपालन
इस अवसर पर सुश्री पूनम ठाकुर ने कहा कि GST व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और करदाता-अनुकूल बनाने में करदाता जागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि जागरूकता स्वैच्छिक अनुपालन की मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि विभाग और करदाताओं के बीच नियमित संवाद से व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान करने के साथ-साथ कर प्रशासन में पारदर्शिता और विश्वास को भी मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि GST जन-जागरूकता अभियान का उद्देश्य GST से संबंधित जानकारी को करदाताओं एवं अन्य हितधारकों तक उनके स्तर पर पहुंचाना, नवीनतम सुधारों और अनुपालन आवश्यकताओं को सरल भाषा में समझाना तथा बेहतर अनुपालन के लिए करदाताओं को सक्षम बनाना है।
📍 Location: शिमला (शिमला)

