गुरु रविदास संकल्प कलश यात्रा 2 से हिमाचल में
August 1, 2026
Guru Ravidas Kalash Yatra from 2nd : शिमला। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ शुरू किया है। 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से गुरु रविदास जी के समरसता, समानता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
2 अगस्त को हिमाचल पहुंचेगी कलश यात्रा
डॉ. सिकंदर कुमार ने बताया कि अभियान के अंतर्गत निकाली जा रही समरसता संकल्प कलश यात्रा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से 29 जुलाई को प्रारंभ हुई है। यह यात्रा 2 अगस्त 2026 को हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करेगी और जिला ऊना के ऐतिहासिक संतोषगढ़ स्थित गुरु रविदास मंदिर में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संतोषगढ़ में स्थानीय मंदिर समिति, भाजपा कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, विधायक सतपाल सिंह सत्ती, विधायक बलबीर सिंह बग्गा, विधायक सुमित शर्मा, डॉ. सिकंदर कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
9 दिन चलेगी कलश यात्रा
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि काशी, जहां भगवान विश्वनाथ, पावन मां गंगा और संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जन्मस्थली स्थित है, वह सदियों से समरसता, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता का प्रतीक रही है। उसी पावन भूमि से प्रारंभ हुई यह कलश यात्रा हिमाचल प्रदेश में भी संत रविदास जी के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में यह यात्रा लगभग 9 दिनों तक चलेगी, 11 संगठनात्मक जिलों से होकर गुजरेगी तथा लगभग 800 किलोमीटर की यात्रा तय करेगी। यात्रा का समापन 9 अगस्त को हमीरपुर जिले के कांगू स्थित गुरु रविदास मंदिर में कलश स्थापना एवं विशेष कार्यक्रम के साथ होगा।