शिमला: हिमाचल पर्यटन विकास निगम के आधा दर्जन होटलों का निजीकरण नहीं होगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उनसे मुलाकात करने पहुंचे पर्यटन निगम के कर्मचारी संगठन को यह आश्वासन दिया है। आश्वासन मिलने से कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। सनद रहे कि राज्य मंत्रिमंडल ने बीते दिनों पर्यटन निगम के 14 होटलों को ऑपरेशन एंड मेनटेनेंस के लिए निजी हाथों में सौंपने का फैसला लिया था। फैसले के बाद पर्यटन निगम के उपाध्यक्ष आरएस बाली ने सरकार से इस मुद्दे पर दोबारा विचार करने की गुहार लगाई थी।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि एचपीटीडीसी के अंतर्गत आने वाले छह होटलों एप्पल ब्लॉसम , लेक व्यू , होटल चांशल , होटल रोज कॉमन , होटल सरवरी और होटल ममलेश्वर का संचालन निगम द्वारा ही किया जाएगा। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि वे इन होटलों को आगामी एक वर्ष के भीतर लाभकारी इकाइयों में बदलने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन निगम को हरसंभव सहयोग देने और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि मंडी जिले के तत्तापानी में 30 कमरों वाला एक आधुनिक होटल स्थापित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे भोजन, आतिथ्य और अन्य सुविधाओं में उच्च गुणवत्ता बनाए रखें और पर्यटकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरें। इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी, एचपीटीडीसी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष हुकुम राम, महासचिव राज कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संत कुमार फेरम, राजीव सोनी, राजपाल शर्मा, श्यामा नंद, निहाल सिंह और मनोज उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े- मोगा सरपंच हत्याकांड में बड़ा अपडेट: पुलिस ने 4 आरोपी किए गिरफ्तार

