Site icon Dainik Savera Times

फोरेस्ट स्पोर्ट्स मीट में हमीरपुर वन सर्कल का जलवा, ओवरऑल चैंपियन का खिताब किया अपने नाम

शिमला। हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता में हमीरपुर वन सर्कल ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। शिमला जिले के रामपुर में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से वन विभाग के एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में भाग लिया। रामपुर वन सर्कल प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहा।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रतियोगिता के विजेताओं, प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के समर्पण, कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से मानसिक संतुलन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, दृढ़ संकल्प और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जैसे गुण भी विकसित होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाला प्रत्येक प्रतिभागी अपनी प्रतिबद्धता और खेल भावना के लिए बधाई का पात्र है। इस तरह के आयोजन कर्मचारियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और टीम भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध वन संपदा के संरक्षण और राज्य के पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने में वन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। वन एवं जैव विविधता संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत प्रबंधन में विभागीय कर्मचारियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कर्मचारियों और युवाओं में नियमित खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा मिलता है। खेलों में भागीदारी से शारीरिक फिटनेस बढ़ाने, तनाव कम करने और कार्यक्षमता में सुधार करने में भी मदद मिलती है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version