हिमाचल डेस्कः प्रदेश के हमीरपुर जिले के बड़सर उपमंडल के ढटवाल क्षेत्र की महारल पंचायत के काली चीक गांव के 26 वर्षीय अमन कुमार की साउथ अफ्रीका में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव स्विमिंग पूल में मिला है।
ये भी पढ़ें :-
परिवार का सहारा छिन गया
जानकारी के अनुसार अमन पिछले दीवाली के बाद रोजगार के लिए साउथ अफ्रीका गया था, जहां वह होटल में काम कर रहा था। माता-पिता का इकलौता बेटा होने के साथ दो बहनों की शादी पहले ही हो चुकी थी। पिता उधम सिंह मजदूरी और शादियों में बैंड बजाकर परिवार चलाते हैं। उन्होंने कठिनाइयों में अमन को होटल मैनेजमेंट कोर्स करवाया था।
शादी की तैयारियां मातम में बदलीं
तीन माह पहले अमन ने केरल की युवती से कोर्ट मैरिज की थी। घर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अब पूरा परिवार रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने सरकार और प्रशासन से शव जल्द भारत लाने की मांग की है। फिलहाल 15-20 दिन लगने की बात कही जा रही है।
एक साल पहले भी हुई थी ऐसी घटना
बता दें बीते वर्ष भी समीपवर्ती काथला गांव के युवक की भी साउथ अफ्रीका में इसी तरह मौत हुई थी। लगातार घटनाओं से क्षेत्र में भय और आक्रोश फैल गया है। लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
पूर्व प्रधान का बयान
इसको लेकर महारल पंचायत के पूर्व प्रधान विजय धीमान ने कहा कि अमन की मौत अत्यंत दुखद है। इकलौते बेटे की कमी पूरे क्षेत्र को झकझोर गई है। शव कब पहुंचेगा, अभी स्पष्ट नहीं है।
ये भी देखें:-

