Site icon Dainik Savera Times

राफेल और ऑपरेशन सिंदूर पर जगत सिंह नेगी के बयान को लेकर हर्ष महाजन का हमला, सार्वजनिक स्पष्टीकरण की मांग

शिमला। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के एक जिम्मेदार मंत्री द्वारा भारतीय वायुसेना की क्षमता, देश की रक्षा तैयारियों और सैन्य अभियान का इस प्रकार उपहास उड़ाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

हर्ष महाजन ने कहा कि जगत सिंह नेगी ने राफेल विमान की कीमत को लेकर 700 करोड़ और 2300 करोड़ रुपये के आंकड़े प्रस्तुत किए हैं। यदि उनके पास किसी भ्रष्टाचार के प्रमाण हैं तो उन्हें सार्वजनिक करें। बिना प्रमाण अलग-अलग आंकड़ों की तुलना करके भ्रष्टाचार का आरोप लगाना गैरजिम्मेदाराना है। उन्होंने कहा कि किसी रक्षा सौदे का मूल्यांकन करते समय विमान के साथ मिलने वाली हथियार प्रणालियों, प्रशिक्षण, रखरखाव, तकनीकी सहायता और अन्य व्यवस्थाओं को भी समझना आवश्यक है।

महाजन ने कहा कि इससे भी अधिक दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि कांग्रेस के मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर जिस प्रकार की टिप्पणी की, उससे भारतीय सेना के पराक्रम पर अनावश्यक सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि देश की सेनाओं ने आतंकवाद के विरुद्ध अपनी प्रतिबद्धता और क्षमता का परिचय दिया है। ऐसे संवेदनशील विषयों पर बोलते समय एक मंत्री को तथ्यों और राष्ट्रीय सुरक्षा की गंभीरता का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि आखिर कांग्रेस के नेताओं को बार-बार भारतीय सेना की उपलब्धियों पर संदेह जताने की आवश्यकता क्यों पड़ती है? क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा का राजनीतिक विरोध करते-करते कांग्रेस के नेता अब राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर भी मर्यादा भूल गए हैं?

हर्ष महाजन ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह जगत सिंह नेगी के बयान से सहमत है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी बताएं कि क्या उनकी सरकार के मंत्रियों को देश की रक्षा क्षमताओं और सैन्य अभियानों का इस प्रकार मजाक उड़ाने की खुली छूट है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करना कांग्रेस का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन राजनीतिक विरोध और देश की सेनाओं के प्रति सम्मान के बीच अंतर होना चाहिए। रक्षा सौदों पर सवाल उठाए जा सकते हैं, परंतु आरोप प्रमाणों और तथ्यों पर आधारित होने चाहिए।

हर्ष महाजन ने कहा कि जगत सिंह नेगी को अपने बयान पर स्पष्टीकरण देना चाहिए और भारतीय सशस्त्र बलों के संबंध में प्रयुक्त अनुचित शब्दों के लिए सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों में राजनीतिक परिपक्वता आवश्यक है और कांग्रेस को अपने मंत्रियों को जिम्मेदारीपूर्ण बयान देने की सलाह देनी चाहिए।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version