Site icon Dainik Savera Times

Kullu Rain: कुल्लू में भारी बारिश का अलर्ट जारी, इन तीन उपमंडलों के सभी शिक्षण संस्थान बंद

कुल्लू। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जिला कुल्लू के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने तथा आनी, बंजार और निरमंड उपमंडलों में लगातार हो रही भारी वर्षा, भूस्खलन एवं सड़क अवरोध की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन इन तीनों उपमंडलों के सभी शिक्षण संस्थानों को आज 22 जुलाई को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 एवं 34(एम) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किए हैं। आदेशों के अनुसार आनी, बंजार और निरमंड उपमंडलों के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, महाविद्यालय, आईटीआई तथा अन्य सभी शिक्षण संस्थान आज बंद रहेंगे।

यह निर्णय विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि लगातार वर्षा के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन और सड़कें बाधित होने से आवागमन प्रभावित हुआ है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में जोखिम बढ़ गया है। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों एवं सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती उपाय करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Exit mobile version