शिमला: मानसून की विदाई से पहले हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ली है। प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों समेत कई हिस्सों में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। शिमला में शनिवार के बाद सोमवार को भी भारी बारिश हुई। वहीं, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी से पहाड़ों में ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई है।
बीते 24 घंटों में कांगड़ा में सर्वाधिक 73.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। धर्मशाला में 61.1, सांगला में 45.6, सराहन में 38.5, पांवटा साहिब में 30.6, कल्पा में 30.4, जोगिंद्रनगर और भाबानगर में 26-26, मंडी में 21.6 तथा रामपुर में 20 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार सोमवार शाम 5:30 बजे से रात 11:30 बजे तक शिमला और सोलन के अलावा सिरमौर, मंडी, कुल्लू, बिलासपुर तथा किन्नौर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
इस दौरान एक-दो स्थानों पर तेज बारिश के दौर भी आ सकते हैं। 29 सितंबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी जारी रहने के आसार हैं। इसके बाद 30 सितंबर से 4 अक्तूबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। हिमाचल में इस बार मानसून सीजन के दौरान सामान्य से 12 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है। 20 जून से 28 सितंबर तक प्रदेश में 644 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 732 मिलीमीटर मानी जाती है।
बिलासपुर, किन्नौर, कुल्लू, शिमला और सिरमौर में सामान्य से अधिक बारिश हुई है, जबकि चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, मंडी, सोलन और ऊना में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। सितंबर में भी बारिश सामान्य से कम रही। इस माह प्रदेश में 118 मिलीमीटर सामान्य बारिश के मुकाबले अब तक 95 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से 19 फीसदी कम है।

