Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

मौसम की मार से हेरिटेज रेल सेवा बेपटरी, 13 सितंबर तक कई ट्रेनें रद्द

August 31, 2026

मौसम की मार से हेरिटेज रेल सेवा बेपटरी, 13 सितंबर तक कई ट्रेनें रद्द

शिमला: पहाड़ों में लगातार बिगड़ रहे मौसम ने विश्व धरोहर कालका-शिमला हैरिटेज रेल मार्ग की रफ्तार पर एक बार फिर ब्रेक लगा दिया है। भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन से गुमन और टकसाल स्टेशनों के बीच ब्रिज नंबर 57 के पास रेल ट्रैक के नीचे की जमीन बह गई। इससे पटरी का एक हिस्सा हवा में लटक गया है। ट्रैक की हालत को देखते हुए रेलवे ने इस रूट पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया है। शनिवार देर शाम किलोमीटर संख्या 07/16-17 के पास भूस्खलन की घटना हुई।

पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और मिट्टी नीचे आने के साथ ट्रैक के नीचे की जमीन भी बह गई। सूचना मिलते ही रेलवे की टीमें मौके पर पहुंचीं और ट्रैक की बहाली का काम शुरू कर दिया। रेलवे कर्मचारी ट्रैक को दोबारा सुरक्षित बनाने में जुटे हैं, लेकिन मौसम की चुनौती के बीच काम प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है।

कालका-शिमला रेल मार्ग पर्यटकों के लिए खास आकर्षण है। ऐसे में ट्रैक बाधित होने से आने वाले दिनों में शिमला घूमने पहुंचने वाले पर्यटकों की यात्रा योजना भी प्रभावित हो सकती है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस रेलवे पूछताछ केंद्र या अधिकृत ऐप पर जरूर जांच लें।रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रैक को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही सेवाएं सामान्य की जाएंगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें