Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिल्स क्वीन Shimla ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर, बर्फबारी के बाद रिज पर मस्ती करते दिखे सैलानी

January 15, 2023

हिल्स क्वीन Shimla ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर, बर्फबारी के बाद रिज पर मस्ती करते दिखे सैलानी

शिमला : पहाड़ों की रानी शिमला ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। देर रात राजधानी शिमला में बर्फबारी हुई और सुबह शिमला सफेद चादर में लिपटा नजर आया। वहीं शनिवार सुबह ही काफी तादाद में पर्यटक रिज मैदान पर पहुंच गए और बर्फ के साथ मस्ती करते नजर आए। हालांकि शहर में ज्यादा बर्फ नहीं गिरी है, लेकिन रिज मैदान बर्फ से सफेद हो गया है। बीती रात शिमला सहित ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है जिसके चलते ऊपरी क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही भी ठप हो गई है। नारकंडा, खड़ा पत्थर, चौपाल और कुफरी में सुबह वाहनों की आवाजाही ठप्प रही।

सड़कों पर फिसलन होने की वजह से कुफरी में भी सुबह के समय वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाई। शहर में भी लक्कड़ बाजार क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। आईजीएमसी के पास सड़क पर बर्फ जम गई है। लेकिन पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के द्वारा सड़कों से बर्फ हटाने का कार्य किया जा रहा है, वहीं बर्फबारी के बाद ठंड में भी इजाफा हो गया है। हालांकि सुबह के समय मौसम साफ हो गया है और धूप खिली है।

बर्फबारी का लुत्फ उठा रहे शिमला पहुंचे सैलानी

शिमला पहुंचे पर्यटक बर्फ पड़ते ही सुबह सवेरे शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पहुंचे और बर्फ के साथ के अठखेलियां करते नजर आए। पर्यटकों का कहना है कि उन्हें शिमला में बर्फ पड़ने की उम्मीद नहीं थी। लेकिन वे बर्फ पड़ने से काफी खुश हैं और यहां पर काफी एन्जॉय भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें आकर काफी अच्छा लग रहा है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान कई हिस्सों में बर्फबारी होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने कहा की बीते 24 घंटों के दौरान शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बर्फबारी हुई है और आज भी कुछ एक स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है। बर्फबारी के बाद तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें