हिमाचल डेस्क: मंडी जिले के बालीचौकी-थाची मार्ग पर को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब यात्रियों से भरी एक बस बीच रास्ते में अचानक तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ‘धीमान बस सेवा’ की यह बस थाची से औट की ओर जा रही थी, तभी पंजाई के पास अचानक ब्रेक फेल हो जाने से वाहन अनियंत्रित होने लगा। संकरी सड़क और गहरी खाई के बीच यात्रियों के लिए यह पल किसी डरावने सपने से कम नहीं था।
सवारियों से भरी बस हुई दुर्घटनाग्रस्त, बाल-बाल बचे यात्री
घटना के दौरान बस चालक ने अद्भुत साहस और समझदारी का परिचय दिया। जैसे ही वाहन अनियंत्रित हुआ, उन्होंने स्थिति को भांपते हुए तुरंत निर्णय लिया और बस को खाई की ओर जाने से रोकते हुए पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया। बस जोरदार झटके के साथ चट्टान से टकराई और वहीं रुक गई। यह चालक की त्वरित प्रतिक्रिया थी जिसने एक बड़े हादसे को होने से बचा लिया।
बस में दर्जनों यात्री थे सवार
बस में उस समय दर्जनों यात्री सवार थे, जिनमें कई स्कूली छात्र और स्थानीय लोग शामिल थे। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं, हालांकि कुछ को हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
सूत्रों के अनुसार, बस में आई यांत्रिक गड़बड़ी के चलते अचानक ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया था। मार्ग की खतरनाक स्थिति को देखते हुए चालक के निर्णय को सबने सराहा। यात्रियों ने कहा कि यदि चालक ने एक पल की भी देरी की होती, तो बस सीधे खाई में जा सकती थी और एक बड़ी त्रासदी घट सकती थी।
स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है, और परिवहन विभाग ने मामले की जांच के आदेश जारी किए हैं। हादसे के बाद यात्रियों ने चालक को ‘देवदूत’ बताते हुए उसकी वीरता की प्रशंसा की।

