शिमला: न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त पैट्रिक राटा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिमला में भेंट की। इस दौरान हिमाचल प्रदेश में सेब उत्पादन, बागवानी क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से सुदृढ़ करने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सेब उत्पादन हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और लाखों परिवारों की आजीविका इससे जुड़ी है। प्रदेश सरकार बागवानी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए नई तकनीक, आधुनिक पद्धतियों और नवाचार को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल और न्यूजीलैंड के बीच तकनीकी सहयोग से प्रदेश के बागवानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों का लाभ मिल सकता है।
मुख्यमंत्री ने हिमाचल और न्यूजीलैंड के किसानों एवं बागवानों के लिए एक्सपोजर विजिट आयोजित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों के बागवान एक-दूसरे की उन्नत तकनीकों, उत्पादन प्रणालियों और बेहतर प्रबंधन पद्धतियों को समझ सकेंगे। बैठक में प्राकृतिक खेती से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
न्यूजीलैंड के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि न्यूजीलैंड हिमाचल प्रदेश में सेब की बागवानी को प्रोत्साहित करने के लिए तकनीकी विशेषज्ञता उपलब्ध करवाने का इच्छुक है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में न्यूजीलैंड के सहयोग से प्रस्तावित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना को लेकर भी विस्तृत जानकारी साझा की। बैठक में महापौर सुरेंद्र चौहान, मुख्य सचिव के.के. पंत सहित न्यूजीलैंड के कृषि व्यापार एवं उच्चायोग से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
📍 Location: शिमला (शिमला)

