Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र: आठ बैठकें, 744 सवालों पर होगी चर्चा

शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र इस वर्ष 26 नवंबर से 5 दिसंबर तक तपोवन, धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मंगलवार को पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि सत्र का शुभारंभ 26 नवंबर को सुबह 11 बजे शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगा।

सत्र में होंगी आठ बैठकें

अध्यक्ष ने यह भी बताया कि इस सत्र में कुल आठ बैठकें प्रस्तावित हैं। इसके अलावा, 28 नवंबर और 4 दिसंबर को गैर सरकारी कार्यों के लिए विशेष दिन निर्धारित किए गए हैं।

विभिन्न विभागों के 744 सवालों पर होगी चर्चा

सदस्यों से विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 744 प्रश्न प्राप्त हुए हैं, जिनमें 604 तारांकित और 140 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इन प्रश्नों में बढ़ती आपदाओं से निपटने के उपाय, राहत कार्यों की स्थिति, सड़कों और पुलों का निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य संस्थानों की स्थिति, युवाओं में नशे की प्रवृत्ति, पर्यटन, पेयजल आपूर्ति, परिवहन प्रबंधन और विभागों में रिक्त पदों की पूर्ति जैसी प्रमुख समस्याओं पर फोकस किया गया है। सभी प्रश्न ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से जमा किए गए और नियमानुसार सरकार को भेजे जा चुके हैं।

Exit mobile version