हिमाचल डेस्कः प्रदेश के जिला ऊना के उपमंडल अंब के छोटे से गांव लंडेर लंढ़ियां के होनहार खिलाड़ी सुनील कुमार ने दुबई में आयोजित फाजा वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर विश्व पटल पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
शारीरिक चुनौतियों को मात देते हुए महज 3 फीट 4 इंच के कद वाले सुनील कुमार ने जैवलिन थ्रो स्पर्धा में 32.47 मीटर दूर भाला फेंककर रजत पदक अपने नाम किया। उनकी यह स्पर्धा मंगलवार शाम 7:44 बजे आयोजित हुई। जैसे ही इस उपलब्धि की खबर उनके पैतृक गांव पहुंची, वहां जश्न का माहौल बन गया।
ये भी पढे़ं :-
बाधाएं केवल मन में होती हैं : सुनील
मीडिया से की बातचीत में सुनील कुमार ने अपनी खुशी साझा करते हुए कहा कि तिरंगे की शान के लिए पदक जीतना उनका सपना था। उन्होंने बताया कि यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, माता-पिता के आशीर्वाद और कोच के मार्गदर्शन का परिणाम है। भावुक होते हुए सुनील ने कहा कि बाधाएं केवल मन में होती हैं। यदि हौसला मजबूत हो, तो दुनिया का कोई भी मंच छोटा नहीं पड़ता।
स्कूल में मल्टी टास्क वर्कर के रूप में कार्यरत
वर्तमान में सुनील कुमार जुबेहड़ स्थित एक स्कूल में मल्टी टास्क वर्कर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी इस अंतरराष्ट्रीय सफलता का श्रेय अपनी माता सुमन बाला, पिता राम पाल और अपने कोच ललित ठाकुर को दिया है।
विधायक ने दी बधाई
सुनील की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर उन्हें बधाई दी और इसे पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया।
शॉटपुट में भी मेडल की उम्मीद
सुनील के पास एक और पदक जीतने का सुनहरा अवसर है। आज शाम 4 बजे वे शॉटपुट स्पर्धा में भी हिस्सा लेने जा रहे हैं, जिसमें उनसे स्वर्ण पदक की प्रबल उम्मीद जताई जा रही है।
ये भी पढे़ं :-

