शिमला। हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी प्रदेश कोर कमेटी का गठन कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आदेशानुसार गठित 12 सदस्यीय कोर कमेटी में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। इसके अलावा दो नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मंगलवार को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की।
प्रदेश कोर कमेटी में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन को शामिल किया गया है। इनके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप, लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती को भी कमेटी में जगह दी गई है।
वहीं, लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार, राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य और प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल भी प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य होंगे। इसके अतिरिक्त भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा और प्रदेश सह प्रभारी दर्शना सिंह को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार प्रदेश कोर कमेटी में कुल 12 नियमित सदस्य और दो विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे। पार्टी की इस महत्वपूर्ण कमेटी में केंद्रीय नेतृत्व से लेकर प्रदेश संगठन और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों तक को प्रतिनिधित्व दिया गया है। कोर कमेटी को प्रदेश में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों और महत्वपूर्ण राजनीतिक एवं रणनीतिक विषयों पर चर्चा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
📍 Location: शिमला (शिमला)

