Last Updated: November 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोदी सरकार की किसान कल्याणकारी नीतियों पर किसान मोर्चा ने जताया आभार, राजनीतिक प्रस्ताव पारित : संजीव देश्टा

November 25, 2026

मोदी सरकार की किसान कल्याणकारी नीतियों पर किसान मोर्चा ने जताया आभार, राजनीतिक प्रस्ताव पारित : संजीव देश्टा

शिमलाः भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में किसानों, बागवानों एवं पशुपालकों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा के उपरांत राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजीव देश्टा ने प्रदेश कार्यसमिति की स्वीकृति के बाद राजनीतिक प्रस्ताव पारित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का किसान कल्याणकारी योजनाओं के लिए आभार व्यक्त किया।

राजनीतिक प्रस्ताव में कहा गया कि वर्ष 2014 के बाद केंद्र सरकार ने किसानों की आर्थिक समृद्धि एवं कृषि क्षेत्र के विकास को विशेष प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि सिंचाई योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती और राष्ट्रीय पशुधन मिशन जैसी योजनाओं से किसानों को सशक्त बनाया गया है।

प्रस्ताव के अनुसार गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1,400 रुपये से बढ़ाकर 2,585 रुपये तथा मक्का का 1,310 रुपये से बढ़ाकर 2,410 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। भारत चावल और दूध उत्पादन में विश्व में प्रथम तथा गेहूं उत्पादन में दूसरे स्थान पर है।

संजीव देश्टा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की लगभग 70 प्रतिशत आबादी कृषि, बागवानी एवं पशुपालन पर निर्भर है। कांग्रेस सरकार ने दो रुपये प्रति किलो गोबर, 80 रुपये प्रति लीटर गाय का दूध और 100 रुपये प्रति लीटर भैंस का दूध खरीदने की गारंटी दी थी। प्रस्ताव में आरोप लगाया गया कि किसानों को छह-छह महीने तक दूध का भुगतान नहीं मिल रहा है।

राजनीतिक प्रस्ताव में बीज, कृषि उपकरणों, कीटनाशकों एवं फफूंदनाशक दवाओं पर अनुदान में कटौती का विरोध किया गया। एंटी हेल नेट की सब्सिडी 50 से घटाकर 35 प्रतिशत करने तथा अकेले रोहड़ू उपमंडल में लगभग आठ करोड़ रुपये की सब्सिडी लंबित होने पर चिंता व्यक्त की गई। इसके अतिरिक्त कई कोल्ड स्टोरेज एवं कलेक्शन सेंटर बंद करने का मुद्दा भी उठाया गया।

किसान मोर्चा ने प्रदेश सरकार से कृषि एवं बागवानी के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाने, लंबित सब्सिडी का भुगतान करने, कृषि उपकरणों पर अनुदान बहाल करने तथा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने की मांग की। प्रदेश कार्यसमिति ने केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने तथा प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने का संकल्प लिया।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें