Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल के मुख्य सचिव ने की चुनावी तैयारियों की समीक्षा; कहा- मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूकता गतिविधियों पर करें फोकस

ऊना: हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने ऊना जिले में लोकसभा चुनाव तथा 2 विधानसभा उपचुनावों में मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी के लिए कारगर योजना बनाने तथा उसे सटीकता से क्रियान्वित करने पर जोर दिया। मुख्य सचिव गुरुवार को ऊना जिले में अधिकारियों के साथ बैठक में जिले में चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने चुनावों में मतदाताओं को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने को जागरूकता गतिविधियों पर अधिक फोकस करने को कहा।

उन्होंने इसमें स्वीप कार्यक्रमों के साथ-साथ जन जागरूकता में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों के उपयोग के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने सीमावर्ती जिला होने के चलते यहां निगरानी टीमों को अधिक सतर्कता और सजगता से कार्यरत रहने के निर्देश दिए। हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखने, नाके लगाने के साथ-साथ औचक निरीक्षण तथा चेकिंग अभियान को सही तालमेल से चलाने को कहा। उन्होंने यह सुनिश्चित बनाने को भी कहा कि चेकिंग अभियान से आम जनता को अनावश्यक परेशानी ना हो।

Exit mobile version