
Himachal CM Inaugurates ₹75 Lakh NCC Hangar at Bhuntar Airport : शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कुल्लू के भुंतर हवाई अड्डे पर 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित एनसीसी हैंगर का उद्घाटन किया। वर्ष 1972 में प्रदेश में एयर एनसीसी की स्थापना के बाद कुल्लू में पहली बार इस तरह की समर्पित सुविधा विकसित की गई है। इससे प्रदेश के युवाओं को विमानन प्रशिक्षण, सिम्युलेटर आधारित अभ्यास और उड़ान के क्षेत्र में करियर बनाने के बेहतर अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुविधा युवाओं को भारतीय वायुसेना और सिविल एविएशन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने एनसीसी एयर विंग के कैडेट्स की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के युवाओं को एविएशन (विमानन) सेक्टर में आगे बढ़ते हुए देखना चाहती है। उन्होंने कहा कि भुंतर एयरपोर्ट पर एनसीसी के फ्लाइंग नोड और प्रशिक्षण गतिविधियों का सक्रिय होना हिमाचल के पहाड़ी क्षेत्र के युवाओं को भारतीय वायुसेना और सिविल एविएशन में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगा। इससे पूर्व, हैंगर के उद्घाटन अवसर पर विमान के हैंगर की ओर बढ़ने के दौरान वाटर कैनन सैल्यूट के माध्यम से भव्य स्वागत किया गया।
इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने स्थिर एवं उड़ान योग्य विमान मॉडलों के साथ-साथ स्वयं द्वारा डिजाइन और विकसित ड्रोन का प्रदर्शन भी किया। इन प्रदर्शनों के माध्यम से कैडेट्स ने अपनी तकनीकी दक्षता, रचनात्मकता और विमानन क्षेत्र के प्रति बढ़ती रुचि का परिचय दिया। यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष महत्त्व रखती है, क्योंकि वर्ष 1972 में हिमाचल प्रदेश में एयर एनसीसी की स्थापना के बाद पहली बार कुल्लू में इस प्रकार की समर्पित सुविधा स्थापित की गई है। दशकों से चली आ रही आधारभूत ढांचे की सीमाओं, प्रशासनिक जटिलताओं और विभिन्न परिचालन संबंधी चुनौतियों को दूर करते हुए इस सुविधा को साकार किया गया है।
इससे प्रदेश के विशेषकर दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को उड़ान प्रशिक्षण के अवसरों के करीब लाने में सहायता मिलेगी। इससे पूर्व, कुल्लू आगमन पर मुख्यमंत्री का लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, एपीएमसी के अध्यक्ष राम सिंह मियां, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय शिमला के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर हरप्रीत सिंह, एनसीसी के अधिकारी एवं कर्मचारी, कैडेट्स तथा उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...