हिमाचल डेस्कः जिला सिरमौर मुख्यालय नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। हिमाचल प्रदेश में महिलाओं के लिए पुलिस में सब-इंस्पेक्टर की विशेष भर्ती आयोजित की जाएगी। साथ ही, क्लास-3 श्रेणी की नौकरियों में महिलाओं को 25 प्रतिशत कोटा आरक्षित किया जाएगा।
महिला सम्मान राशि दोगुनी
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा प्रदान की जाने वाली महिला सम्मान राशि को 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 2 लाख रुपये करने की घोषणा की गई।
12 में से 3 जिलों की डीसी महिलाएं, लाहुल में मुख्य पदों पर नारी शक्ति
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल के 12 जिलों में से तीन जिलों—सिरमौर, हमीरपुर और लाहुल-स्पीति—की डीसी महिलाएं हैं। देश के क्षेत्रफल में दूसरे सबसे बड़े जिला लाहुल-स्पीति में डीसी, एसपी और एडीएम सभी महिलाएं हैं। महिलाएं परिवार के साथ-साथ प्रशासन में भी उत्कृष्ट समन्वय स्थापित कर रही हैं। कई विभागों में निदेशक व सह-निदेशक के पदों पर भी महिला अधिकारी तैनात हैं। हिमाचल प्रदेश देश में सबसे अधिक शिक्षित महिलाओं वाला राज्य है।
नाहन मेडिकल कॉलेज के लिए 500 करोड़
एनएसयूआई छात्रों की मांग पर पीजी कॉलेज नाहन में विभिन्न विषयों में एमएससी कक्षाएं आगामी शैक्षणिक सत्र से शुरू होंगी। इसके अलावा, नाहन मेडिकल कॉलेज के लिए 500 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई। नए चिह्नित स्थान पर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। सीएम ने कहा कि आगामी बजट में महिलाओं के लिए और घोषणाएं होंगी।

