Site icon Dainik Savera Times

Himachal: मुख्यमंत्री सुक्खू ने शिमला के नेरवा में अग्निशमन चौकी का किया वर्चुअल लोकार्पण

शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज ओक ओवर, शिमला से वर्चुअल माध्यम से जिला शिमला के नेरवा में नवनिर्मित अग्निशमन चौकी का लोकार्पण किया। यह अग्निशमन चौकी क्षेत्र में आगजनी तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

यह पहल सतवंत आतवाल, DGP-cum-Commandant General, Home Guards, Fire Services, Civil Defence एवं SDRF, हिमाचल प्रदेश के कुशल एवं गतिशील नेतृत्व में प्रदेश में अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह), हिमाचल प्रदेश, रॉथर दाऊद नज़ीम, Deputy Commandant General अरविंद प्रशर, SSP अर्जित सेन, Chief Fire Officer संजीव कुमार सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

लोकार्पण के अवसर पर मुख्यमंत्री ने नेरवा क्षेत्र के लोगों को इस महत्वपूर्ण सुविधा के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान नेरवा क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों ने माननीय मुख्यमंत्री के साथ संवाद किया तथा क्षेत्र में अग्निशमन चौकी स्थापित किए जाने के लिए आभार व्यक्त किया। गणमान्य व्यक्तियों ने कहा कि इस अग्निशमन चौकी के संचालन से दूरदराज के इस क्षेत्र में आगजनी की घटनाओं पर त्वरित एवं प्रभावी ढंग से काबू पाने में सहायता मिलेगी तथा आपात स्थिति में अग्निशमन सेवाओं की उपलब्धता में होने वाली देरी को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस अग्निशमन चौकी के माध्यम से स्थानीय स्तर पर त्वरित अग्निशमन एवं बचाव सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे भविष्य में आगजनी जैसी आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने में सुविधा होगी।

नेरवा अग्निशमन चौकी की प्रमुख विशेषताएं

नेरवा क्षेत्र में अग्निशमन चौकी स्थापित करने की घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा 05 मार्च 2024 को नेरवा के दौरे के दौरान की गई थी। इसके उपरांत प्रदेश सरकार द्वारा चौकी की स्थापना के लिए 24 फरवरी 2025 को अधिसूचना जारी की गई। अग्निशमन चौकी नेरवा के लिए कुल 17 पद स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 01 अग्निशमन प्रशासक, 12 प्रशामक तथा 04 चालक-कम-पम्प ऑपरेटर शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, चौकी के लिए 02 अग्निशमन वाहनों की स्वीकृति प्रदान की गई है तथा विभाग द्वारा 01 वाटर टेंडर टाइप-B भी चौकी को उपलब्ध करवाया गया है। उक्त वाहन की खरीद हेतु लगभग 59 लाख रुपये की राशि व्यय की गई है। चौकी के संचालन हेतु विभाग द्वारा निजी भवन किराये पर लिया गया है, जिससे क्षेत्र में अग्निशमन सेवाओं की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।

क्षेत्र के लगभग 55 हजार लोगों को मिलेगा लाभ

नेरवा में अग्निशमन चौकी स्थापित होने से क्षेत्र के लोगों को आपात स्थिति में काफी कम समय में अग्निशमन एवं बचाव सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे पूर्व आगजनी एवं अन्य आपदाओं की स्थिति में चौपाल, देहा, ठियोग तथा शिमला आदि स्थानों से अग्निशमन वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी समय लगता था। अब स्थानीय स्तर पर अग्निशमन चौकी उपलब्ध होने से घटनास्थल पर त्वरित पहुंचकर आग पर शीघ्र नियंत्रण पाना संभव होगा।

इससे क्षेत्र के पारंपरिक लकड़ी के मकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा बहुमूल्य सेब के बगीचों को आगजनी से होने वाले नुकसान से बचाने में भी महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। इससे लगभग 55 हजार स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है। नेरवा जैसे पहाड़ी एवं संवेदनशील क्षेत्र में इस अग्निशमन चौकी की स्थापना स्थानीय निवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण जीवन एवं संपत्ति सुरक्षा उपाय साबित होगी तथा क्षेत्र में सुरक्षित वातावरण को बढ़ावा मिलेगा।

यह अग्निशमन चौकी केवल आगजनी की घटनाओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भारी वर्षा, भूस्खलन तथा अन्य आपातकालीन आपदाओं के दौरान खोज एवं बचाव कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाएगी। हिमाचल प्रदेश होम गार्ड्स, फायर सर्विसेज, सिविल डिफेन्स एवं SDRF प्रदेशवासियों को आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, प्रभावी एवं समर्पित सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

यह अग्निशमन चौकी केवल आगजनी की घटनाओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भारी वर्षा, भूस्खलन तथा अन्य आपातकालीन आपदाओं के दौरान खोज एवं बचाव कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाएगी। हिमाचल प्रदेश होम गार्ड्स, फायर सर्विसेज, सिविल डिफेन्स एवं SDRF प्रदेशवासियों को आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, प्रभावी एवं समर्पित सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version