शिमला: संविधान दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने राजधानी शिमला में चौड़ा मैदान बाबा भीम राव अम्बेडकर को पुष्पांजलि अर्पित कर रिज मैदान महात्मा गांधी की प्रतिमा तक संविधान रक्षा मार्च निकाला।मार्च में हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार सहित सरकार के मंत्री, विधायक, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए हालांकि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अस्वस्थ होने के चलते मार्च में शामिल नहीं हो सके।
कांग्रेस ने हाथों में तिरंगा और संविधान की प्रतियां लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ हल्ला बोला।इस मौके पर कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि भाजपा संविधान के मूल्यों को तहस-नहस कर रही है। वोट चोरी, चंदा चोरी कर देश के लोगों को गुमराह किया जा रहा है। ऐसे में भाजपा को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। देश की जनता इन्हें सत्ता से बाहर करने के लिए तैयार है। भाजपा महात्मा गांधी के हत्यारे को पूजने वाली पार्टी है। अगर भाजपा संविधान की रक्षा नहीं कर सकती तो उसे गद्दी छोड़ देनी चाहिए।
वहीं डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा ने डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को खत्म कर दिया है। भाजपा वोट चोरी और सरकारें चोरी कर रही है। हिमाचल प्रदेश में भी सरकार को चोरी करने की पूरी योजना बनाई गई थी लेकिन वह कामयाब नहीं हो सकी। ऐसे में केंद्र की सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। चुनाव आयोग भी केंद्र सरकार के इशारे पर लोगों के वोट काटने का काम कर रहा है जिसे कांग्रेस बर्दास्त नहीं करेगी।
वहीं इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि लेख लिखने के बजाय प्रधानमंत्री राहुल गांधी के साथ करे खुली बहस ।उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर लगाए संविधान को कमजोर करने के आरोप।
📍 Location: शिमला (शिमला)

