शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज जुब्बल के कठासू निवासी युवा पर्वतारोही सचिन गांगटा को पर्वतारोहण के क्षेत्र में उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सचिन गांगटा जैसे युवा अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से न केवल प्रदेश, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उनकी उपलब्धियां युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिए चिंता का विषय है। ऐसे समय में सचिन जैसे युवाओं की उपलब्धियां सकारात्मक सोच, साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति का उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को खेल, शिक्षा, साहसिक गतिविधियों और रचनात्मक कार्यों में लगाएं तथा जीवन में सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करें।
गौरतलब है कि पर्वतारोही सचिन गांगटा और उनकी टीम ने सितंबर 2026 में लद्दाख के दुर्गम चांगथांग क्षेत्र में ‘प्रोजेक्ट चांगथांग’ के तहत महज 21 दिनों में 6,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली 25 चोटियों पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। 10 से 30 सितंबर तक चले इस अभियान के दौरान सचिन ने अपने गाइड एवं पर्वतारोहण साथी पद्मा नामग्याल के साथ 200 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की। अभियान के 16 दिन चोटियों पर चढ़ाई करने में व्यतीत हुए, जबकि इस दौरान 18,000 मीटर से अधिक की संचयी ऊंचाई हासिल की गई।
इस अभियान की सबसे ऊंची चोटी चालुंग नॉर्थ रही, जिसकी ऊंचाई 6,405 मीटर है। इसके अतिरिक्त टीम ने पोलागोना और स्पांगनाक कांगरी नॉर्थ जैसी चुनौतीपूर्ण चोटियों पर भी सफलतापूर्वक आरोहण किया। सचिन ने अपनी जन्मतिथि 25 फरवरी से प्रेरित होकर 25 चोटियों पर चढ़ाई का लक्ष्य निर्धारित किया था। इस उपलब्धि को आधिकारिक मान्यता एवं सत्यापन के लिए इंडिया वर्ल्ड रिकॉर्ड्स सहित अन्य रिकॉर्ड संस्थाओं के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
सचिन गांगटा को पर्वतारोहण के क्षेत्र में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे ‘हिमालयन जिप्सी’ के संस्थापक हैं और TrekYaari से भी जुड़े हुए हैं। अब तक वे 6,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली 41 चोटियों तथा 7,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली एक चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर चुके हैं। उनकी उपलब्धियों में नुन चोटी का आरोहण भी शामिल है। शिक्षा मंत्री ने सचिन की इस उपलब्धि को युवाओं के लिए अनुकरणीय बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर प्रयास, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर असंभव दिखने वाले लक्ष्यों को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सचिन भविष्य में भी इसी तरह नई ऊंचाइयों को छूते हुए प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
📍 Location: शिमला (शिमला)

