हिमाचल डेस्कः प्रदेश के सोलन जिले के अर्की कस्बे में सोमवार तड़के हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में प्रियांश नामक एक बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। घायलों को सिविल अस्पताल अर्की में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं, अब भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यूको बैंक के पास पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित एक पुराने लकड़ी के मकान से आग भड़की। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सिलेंडर फटने से स्थिति और गंभीर हो गई। आग की चपेट में सात से आठ घर आ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। शिमला के बालूगंज, सोलन के बनलगी और अंबुजा सीमेंट कंपनी से दमकल वाहन मौके पर मंगवाए गए।
ये भी देखें :- नेरचौक में राजपूत सभा इकाई गठित, तेज सिंह ठाकुर प्रधान बने
मुख्यमंत्री ने घटना पर जताया दुख
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि एक शव बरामद कर लिया गया है और एसडीआरएफ की टीम को तत्काल मौके पर भेज दिया गया है। स्थानीय विधायक संजय अवस्थी स्वयं घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
आग तड़के करीब पौने तीन बजे लगीः उपायुक्त
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि आग तड़के करीब पौने तीन बजे लगी। आग के दौरान कई गैस सिलेंडर फटने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। एनडीआरएफ की टीम भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं।
ये भी पढे़ं :- NHRC ने हलाल-सर्टिफाइड खाना परोसने के मुद्दे पर रेलवे की रिपोर्ट को बताया अधूरा, कहा- पारदर्शिता की कमी

