कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में आम जनता को आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) ने एक बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश को ₹1494 करोड़ का विशाल स्वास्थ्य बजट आवंटित किया गया है। केंद्र सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार जताया है।
अखिलेश कपूर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि हिमाचल से हमेशा विशेष आत्मीय लगाव रहा है, वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा का गृह राज्य होने के नाते हिमाचल को केंद्र से निरंतर प्राथमिकता और स्नेह मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जारी यह ₹1494 करोड़ का बजट प्रदेश के सभी 12 जिलों में स्वास्थ्य सुविधाओं का कायाकल्प करेगा। इस राशि का उपयोग अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ को आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों का प्रशिक्षण देने के लिए किया जाएगा।
बजट आवंटन की जानकारी देते हुए अखिलेश कपूर ने बताया कि प्रदेश के सबसे बड़े जिले कांगड़ा को स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए सर्वाधिक ₹274.68 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त मंडी जिले को ₹220.70 करोड़, शिमला को ₹193.55 करोड़, चम्बा को ₹122.22 करोड़, सिरमौर को ₹114.25 करोड़, सोलन को ₹111.90 करोड़, हमीरपुर को ₹106.31 करोड़, ऊना को ₹101.14 करोड़, बिलासपुर को ₹93.77 करोड़, कुल्लू को ₹93.07 करोड़, किन्नौर को ₹37.33 करोड़ तथा लाहौल-स्पीति को ₹25.32 करोड़ की राशि आबंटित की गई है। इसके साथ ही डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों के प्रशिक्षण के लिए भी अलग से लाखों रुपये की व्यवस्था की गई है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मोदी सरकार और जे.पी. नड्डा के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश का स्वास्थ्य क्षेत्र नित नए आयाम छू रहा है। बिलासपुर में विश्वस्तरीय एम्स (AIIMS) अस्पताल का निर्माण इसका सबसे बड़ा प्रमाण है, जिसके शुरू होने से अब प्रदेशवासियों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए चंडीगढ़ या दिल्ली के चक्कर नहीं काटने पड़ते। इसके अलावा चम्बा, नाहन (सिरमौर), हमीरपुर और नेरचौक (मंडी) में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना तथा आईजीएमसी शिमला व टांडा मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी एवं क्रिटिकल केयर ब्लॉक्स का सुदृढ़ीकरण केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धियों में शामिल है।
अखिलेश कपूर ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस राज्य में हर नागरिक को उसके घर-द्वार के समीप बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना मोदी सरकार की प्राथमिकता रही है। 1494 करोड़ रुपये की यह सौगात राज्य की स्वास्थ्य प्रणाली में एक नया स्वर्णिम अध्याय लिखेगी, जिसके लिए समस्त प्रदेशवासी केंद्र सरकार के सदैव आभारी रहेंगे।
📍 Location: कुल्लू (Kullu)

