हिमाचल डेस्कः हिमाचल प्रदेश में हुई एक अनोखी शादी इन दिनों खूब चर्चा में है। यह शादी हमीरपुर जिले के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के कक्कड़ गांव में संपन्न हुई, जहां एक फौजी की बेटी ने दक्षिण अफ्रीका के युवक के साथ सात फेरे लिए। विवाह पूरी तरह से हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ। इस खास मौके पर दक्षिण अफ्रीका से आए मेहमान भी शामिल हुए। शादी के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें हिमाचली दुल्हन और अफ्रीकी दूल्हा बेहद खुश नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, फौजी की बेटी रुक्मिणी देवी की मुलाकात दक्षिण अफ्रीकी युवक से चंडीगढ़ के एक कॉलेज में हुई थी। दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ते थे। पढ़ाई के दौरान शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। इसके बाद दोनों ने जीवनभर साथ रहने का फैसला किया और अपने-अपने परिवारों को इस बारे में बताया। खुशी की बात यह रही कि दोनों परिवारों ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया। परिवारों की सहमति के बाद रिश्ता तय हुआ और अब दोनों ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का वचन लिया। शादी के बाद दोनों बेहद खुश हैं।
बताया जा रहा है कि रुक्मिणी देवी कक्कड़ गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता प्रीथी सिंह सेना में सुबेदार हैं। रुक्मिणी की मां सविता देवी ने बताया कि परिवार ने इस रिश्ते को पूरे दिल से अपनाया और शादी को पारंपरिक हिमाचली रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से आयोजित किया गया।
यह विवाह सुजानपुर के प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर में सम्पन्न हुआ। शादी के दौरान दूल्हे ने हिमाचली संस्कृति को पूरी तरह अपनाया। पारंपरिक वेशभूषा पहनकर, नाटी नृत्य में भाग लेकर और स्थानीय रस्मों में शामिल होकर वह पूरी तरह हिमाचली रंग में रंगे नजर आए। दोनों परिवारों ने मिलकर इस खास अवसर को यादगार बना दिया।

