Site icon Dainik Savera Times

शिमला: लोकभवन में मीडिया मिलन कार्यक्रम, राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने पत्रकारों से किया संवाद

शिमला: लोकभवन में आज मीडिया मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने वरिष्ठ पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ खुले एवं अनौपचारिक वातावरण में संवाद करते हुए हिमाचल प्रदेश से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान प्रदेश के विकास, जन आकांक्षाओं, युवाओं, पर्यटन, रोजगार तथा राज्य के बदलते सामाजिक एवं राजनीतिक परिदृश्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

मीडिया प्रतिनिधियों ने राज्यपाल के समक्ष प्रदेश से जुड़े विभिन्न जन सरोकारों, विकास की प्राथमिकताओं तथा मीडिया जगत से संबंधित विषयों को रखा। उन्होंने मीडिया एवं सार्वजनिक संस्थानों के बीच रचनात्मक संवाद को और मजबूत करने के लिए अपने विचार एवं सुझाव भी साझा किए।

राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने तथा जनता और शासन के बीच सेतु के रूप में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मीडिया की जिम्मेदारी है कि वह जन सरोकारों को प्रभावी ढंग से सामने लाने के साथ-साथ सकारात्मक विकास कार्यों को भी समाज तक पहुंचाए और तथ्यपरक एवं सार्थक जन विमर्श को बढ़ावा दे।

उन्होंने कहा कि जिम्मेदार, विश्वसनीय और रचनात्मक पत्रकारिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देती है। पत्रकारों को अपने दायित्वों का निर्वहन करते समय व्यावसायिकता, निष्पक्षता, वस्तुनिष्ठता और जनहित के उच्चतम मानकों को बनाए रखना चाहिए।

राज्यपाल ने मीडिया प्रतिनिधियों को जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा समाज और शासन के बीच रचनात्मक संवाद को निरंतर मजबूत करने के लिए प्रोत्साहित किया।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version