Site icon Dainik Savera Times

Himachal : 50 से अधिक फंसे हुए लोगों को बचाया गया, बद्दी-पिंजाैर को जोड़ने वाला पुल गिरा 

शिमलाः हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बादल फटने के बाद 50 से अधिक फंसे हुए लोगों को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने बचा लिया हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। शेहनु गोउनी गांव में बृहस्पतिवार को बादल फटने की घटना हुई थी जिससे कई जगहों पर भूस्खलन से सड़कें अवरुद्ध हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि एनडीआरएफ का एक दल 15 किलोमीटर पैदल चलकर फंसे हुए लोगों को बचाने पहुंचा और 15 बच्चों समेत सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
बारिश से संबंधित एक अन्य घटना में, बलाद नदी में पानी के तेज प्रवाह के कारण औद्योगिक बद्दी क्षेत्र और पिंजाैर को जोड़ने वाला बद्दी स्थित मारनवाला पुल शुक्रवार को गिर पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। बद्दी के पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने कहा, कि मारनवाला पुल बह गया है और यातायात को कालका-कालूझंडा-बरोटीवाला मार्ग पर मोड़ा गया है।
राज्य में भारी बारिश के कारण 709 सड़कें बंद हैं। हिमाचल प्रदेश में 24 जून से हुई मानसून की शुरुआत से 24 अगस्त तक बारिश से संबंधित घटनाओं में 242 लोगों की जान चली गई है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को अकेले 2,829 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
Exit mobile version