Dainik Savera Times

हमीरपुर-मंडी रोड की दुर्दशा पर सख्त हुए MP Anurag Thakur, केंद्रीय मंत्री Nitin Gadkari को लिखा पत्र

हिमाचल डेस्क: हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री  नितिन गडकरी को एक महत्वपूर्ण पत्र लिखकर हमीरपुर-मंडी सड़क निर्माण कार्य में घटिया निर्माण गुणवत्ता और अनुचित देरी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

अनुराग ठाकुर ने पत्र में लिखा है कि हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर-मंडी रोड के निर्माण कार्य को गवार कंस्ट्रक्शन लिमिटेड को सौंपा गया था, जिसने इसे एम/एस सूर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी को सबलेट कर दिया। उन्होंने चिंता जताई कि निर्माण कार्य न केवल अत्यंत धीमा है, बल्कि गुणवत्ता भी असंतोषजनक है। सबसे चिंताजनक घटना पर्चू नाला के पास निर्माणाधीन पुल के ढहने की है, जो जनता की सुरक्षा और आधारभूत ढांचे पर गंभीर खतरा है। इसके अलावा निर्माण के दौरान कई रिटेनिंग वॉल भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।

सांसद ठाकुर ने बताया कि इस संबंध में जन शिकायतों के बाद कई बार परियोजना अधिकारियों के साथ बैठकें की गईं और साइट निरीक्षण भी किया गया। DISHA समिति की बैठक में भी यह मुद्दा उठाया गया, जिसमें स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि निर्माण की गुणवत्ता सुधारी जाए और कार्य में तेजी लाई जाए। लेकिन संबंधित अधिकारियों और निर्माण कंपनियों ने निर्देशों की अवहेलना की, जिससे पर्चू नाला पर पुल का ढहना जैसी घटनाएं हुईं।

अनुराग ठाकुर ने गडकरी से अनुरोध किया है कि दोषी कंपनियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए और परियोजना को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए ताकि जन सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर की विश्वसनीयता बनी रहे।

ये भी देखें :- BJP ने बंगाल में 111 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, बड़े चेहरों और नए नेताओं पर दांव

Exit mobile version