हिमाचल डेस्कः प्रदेश के बिलासपुर जिले से पंचायत चुनावों को लेकर हैरान करने वाली खबर आई है। श्री नयना देवी विकास खंड की ग्राम पंचायत टाली में आज यानी 26 मई को होने वाला प्रधान पद का चुनाव स्थगित कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने यह सख्त कदम तब उठाया जब चुनाव लड़ रही दोनों महिला प्रत्याशियों की चालाकी पकड़ी गई।
ये भी पढे़ं :-
जिला पंचायत निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने आयोग की अधिसूचना का हवाला देते हुए इस कार्रवाई की पुष्टि की। प्रधान पद के लिए दो महिला प्रत्याशी कमलेश (पत्नी राम कृष्ण) और मीरा देवी (पत्नी जयपाल) नामांकन में थीं। जांच में पता चला कि दोनों ही सरकारी दायित्वों में कार्यरत हैं। बता दें कमलेश मिड-डे मील कार्यकर्ता हैं और मीरा देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं।
दस्तावेजों की सीलिंग और कस्टडी
तहकीकात में यह बात सामने आई कि दोनों प्रत्याशियों ने नामांकन के दौरान अपने सरकारी पदों की जानकारी छिपाई थी। मामले की समीक्षा के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने तत्काल प्रभाव से प्रधान पद के चुनाव को स्थगित कर दिया और संबंधित नामांकन पत्र व अन्य आवश्यक दस्तावेज सील करके रिटर्निंग अधिकारी की कस्टडी में रखवा दिए गए।
पंचायत के अन्य पदों पर मतदान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ग्राम पंचायत टाली में केवल प्रधान पद का चुनाव स्थगित किया गया है; प्रधान पद को छोड़कर पंचायत के अन्य सभी पदों (जैसे वार्ड पंच) के लिए मतदान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित किए जा रहे हैं।
ये भी पढे़ं :-

