शिमला: हिमाचल प्रदेश में चिट्टा नशा अब खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। कई परिवार इसकी गिरफ्त में आकर टूट रहे हैं और युवाओं की मौतें लगातार बढ़ रही हैं। इसी कड़ी में शिमला से सामने आए एक हालिया मामले ने पुलिस को भी झकझोर कर रख दिया है। संजौली क्षेत्र में पकड़े गए दो युवकों से पूछताछ में पता चला कि उनमें से एक आरोपी के परिवार की तीन पीढ़ियां चिट्टे की लत में फंस चुकी हैं दादा, बेटा और पोती तीनों ही नशे की गिरफ्त में हैं।
ओवरडोज ने ले ली भाई की जान
पकड़े गए युवक ने बताया कि उसका भाई पहले ही चिट्टे की ओवरडोज से जान गंवा चुका है जबकि वह खुद लंबे समय से इसका आदी है। सफेद रंग में मिलने वाला यह जहरीला नशा न केवल अचानक मौतों का कारण बन रहा है, बल्कि कई युवाओं को अपराध की राह पर भी धकेल रहा है। पुलिस के अनुसार कई युवक नशे के लिए घरों में चोरी तक कर रहे हैं और कई बार मां के गहने बेचते हुए भी पकड़े गए हैं। शिमला पुलिस दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और आसपास के राज्यों से हो रही सप्लाई चेन को तोड़ने में जुटी है, लेकिन चिट्टे की आवक थमने का नाम नहीं ले रही।
हर उम्र का व्यक्ति नशे की चपेट में
सबसे बड़ी चिंता यह है कि चिट्टा अब सिर्फ युवाओं तक सीमित नहीं रहा। हाल ही में पुलिस ने 75 वर्षीय बुजुर्ग को चिट्टा तस्करी में गिरफ्तार किया। कोटखाई इलाके में 56 साल का व्यक्ति भी इसी अपराध में पकड़ा गया था। इस साल शिमला जिले में NDPS के 250 मामले दर्ज हो चुके हैं और 550 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें 20 महिलाएं भी शामिल हैं।
बैंक खातों का इस्तेमाल करके खरीद रहे थे चिट्टा
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि कई आरोपी नशा खरीदने के लिए अपने माता-पिता और बहनों के बैंक खातों तक का इस्तेमाल कर रहे थे। संदीप शाह गैंग की जांच में इसी तरह का खुलासा हुआ था, जिसके बाद कई परिवारजनों को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाना पड़ा।
शर्मा गिरोह में भी एक युवक अपनी मां के खाते का उपयोग चिट्टा खरीदने-बेचने के लिए करता था, जिसके चलते मां-बेटे दोनों को हिरासत में लिया गया। एसएसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने कहा कि नशा तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कड़ी कार्रवाई जारी है, लेकिन हर आयु वर्ग में बढ़ती लत चिंता बढ़ा रही है।
ये भी पढ़ें: कट न होने से इसराना अनाज मंडी पहुंचना मुश्किल, किसानों में रोष बढ़ा
मनाली के होटल में चल रहा था चिट्टा कारोबार, 5 गिरफ्तार
पर्यटन नगरी मनाली में पुलिस ने एक होटल पर छापेमारी कर चिट्टा बेचने के अवैध धंधे का भंडाफोड़ किया। मालरोड के नजदीक स्थित जिस होटल में कार्रवाई हुई, वहां पंजाब के एक युवक और युवती सहित पांच लोग कमरे से ही ‘परचून’ में चिट्टा बेच रहे थे।
दबिश के दौरान पुलिस ने 26.29 ग्राम चिट्टा बरामद किया। जिसमें 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जिनकी पहचान रोहित वर्मा (23), जालंधर, पंजाब, रोहित वर्मा (23), जालंधर, पंजाब, सीमा कौर (23), जालंधर, पंजाब, मुकेश कुमार यादव (24), उत्तर प्रदेश, सानीजूल उर्फ दादा (33), पश्चिम बंगाल, नूरवानू खातून उर्फ पिंकी (24), पश्चिम बंगाल हुई है। इस मामले में डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान भी की जा रही है।

