Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

चूड़धार में रास्ता भटके दो लोगों का पुलिस ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

October 11, 2026

चूड़धार में रास्ता भटके दो लोगों का पुलिस ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

चौपाल। चूड़धार क्षेत्र के दुर्गम जंगल में रास्ता भटकने से परेशानी में फंसे दो लोगों को चौपाल पुलिस ने रातभर अभियान चलाकर सकुशल रेस्क्यू कर लिया। दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित उनके साथियों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों की जान बच गई।

पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर की रात 112 हेल्पलाइन के माध्यम से पुलिस थाना चौपाल को सूचना मिली कि चूड़धार के जंगल में दो व्यक्ति रास्ता भटक गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रेस्क्यू टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया। दुर्गम वन क्षेत्र और रात का समय होने के बावजूद पुलिस टीम ने बिना देरी किए तलाश अभियान शुरू कर दिया।

तलाश अभियान के दौरान पुलिस टीम ने रात्रि करीब 3 बजे जिला कुल्लू निवासी 31 वर्षीय अजय कुमार को सुरक्षित ढूंढ निकाला। इसके बाद टीम ने दूसरे व्यक्ति की तलाश जारी रखी। करीब दो घंटे की अतिरिक्त मशक्कत के बाद प्रातः करीब 5 बजे जिला सिरमौर निवासी 22 वर्षीय नक्श ठाकुर को भी सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, रेस्क्यू किए गए दोनों व्यक्तियों ने स्वयं को स्वस्थ बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को मंडाहलाणी पहुंचाया और वहां मौजूद उनके अन्य साथियों के सुपुर्द कर दिया।

शिमला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि चूड़धार जैसे दुर्गम क्षेत्रों में ट्रेकिंग या भ्रमण के दौरान निर्धारित रास्तों पर ही चलें। यात्रा से पहले मौसम और स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी लें तथा पर्याप्त तैयारी के साथ ही दुर्गम क्षेत्रों का रुख करें।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें