हिमाचल प्रदेश डेस्कः राज्य में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं से जुड़े कर्मचारी गुरुवार रात 8 बजे से हड़ताल पर रहेंगे। यह हड़ताल 27 दिसंबर की रात 8 बजे तक जारी रहेगी। हड़ताल को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को असुविधा न हो, इसके लिए अपनी एंबुलेंस सेवाएं संचालित करने की तैयारी पूरी कर ली है।
वहीं, 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारियों का कहना है कि एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) की ओर से उनकी लंबित मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है और प्रशासन निजी कंपनी के हित में काम कर रहा है। यह हड़ताल सीटू (CITU) के बैनर तले की जा रही है।
सीटू नेता विजेंद्र मेहरा ने आरोप लगाया कि प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बजाय उन पर एस्मा एक्ट 1972 लगाने की धमकी देकर दबाने का प्रयास कर रहा है। यूनियन नेताओं का कहना है कि सरकार और प्रशासन ने एंबुलेंस सेवा का टेंडर कंपनी को दिया है, लेकिन जब कर्मचारी कंपनी द्वारा किए जा रहे शोषण की शिकायत लेकर प्रशासन के पास जाते हैं, तो यह कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया जाता है कि वे सरकारी कर्मचारी नहीं हैं।
कर्मचारियों का आरोप है कि अब वही प्रशासन कंपनी को बचाने के लिए कर्मचारियों पर एस्मा एक्ट लगाने की बात कर रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि वे कई बार शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख चुके हैं और प्रशासन को कंपनी के शोषण से अवगत करा चुके हैं, लेकिन हर बार उनकी अनदेखी की गई।

