Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल प्रदेश: नए साल पर मंडी जिले में बड़ा हादसा, नैनो कार खाई में गिरी, 5 दोस्त घायल

NH44 canter accident Karnal

NH44 canter accident Karnal

हिमाचल डेस्कः प्रदेश में कुल्लू के बाद अब मंडी जिले में भी एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। सराज विधानसभा क्षेत्र के कांडा के समीप नौणी मोड़ पर एक नैनो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच दोस्त घायल हो गए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह हादसा वीरवार दोपहर करीब 12 बजे पेश आया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनो कार (एचपी 33 ई 1463) कांडा के पास नौणी मोड़ पर अचानक नियंत्रण खो बैठी और खाई में गिर गई। वाहन में तीन युवक और दो युवतियां सवार थीं।

घायलों की पहचान

घायलों की पहचान 19 वर्षीय चालक तरुण, 15 वर्षीय सिमरन, 17 वर्षीय यशिका, 18 वर्षीय आर्यन राणा और 18 वर्षीय हिमांशु के रूप में हुई है। सभी घायल नेरचौक क्षेत्र के आसपास के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

नए साल का जश्न मनाने जा रहे थे दोस्त

जानकारी के अनुसार, पांचों दोस्त नए साल का जश्न मनाने के लिए सराज विधानसभा क्षेत्र स्थित मनरेगा पार्क जा रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।

बगस्याड से किया गया रेफर

स्थानीय लोगों ने कार को खाई में गिरते देखा और तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नागरिक अस्पताल बगस्याड पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के उपचार के लिए रेफर कर दिया गया।

एम्बुलेंस की कमी बनी चुनौती

तीन गंभीर रूप से घायल युवकों को रेफर करने के लिए अस्पताल में केवल एक एंबुलेंस उपलब्ध थी। इसके चलते दूसरी 108 एंबुलेंस करीब 27 किलोमीटर दूर जंजैहली से मंगवानी पड़ी। इसके अलावा एक अन्य एंबुलेंस गोहर से बुलाई गई, जिसे मौके पर पहुंचने में लगभग एक घंटे का समय लग गया।

Exit mobile version