Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल प्रदेशः शिमला में कुत्ते में मुंह में मिला नवजात का शव, दृश्य देख लोगों के उड़े होश

हिमाचल डेस्कः प्रदेश की राजधानी शिमला के ढली क्षेत्र की देवली कॉलोनी में उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने एक लावारिस कुत्ते के मुंह में नवजात का शव देखा। लोगों ने तुरंत कुत्तों को भगाकर शव को और नुकसान पहुंचने से बचाया और मामले की सूचना ढली पुलिस थाना को दी।

पुलिस के अनुसार यह घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है। देवली कॉलोनी के समीप नंद कॉटेज के पास लोगों ने देखा कि एक कुत्ता नवजात के शव को मुंह में लेकर घूम रहा था। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए।

काफी दूर से शव लाने की आशंका

बताया जा रहा है कि कुत्ता नवजात के शव को काफी दूर से मुंह में लेकर आया था। जब वह शव को नोचने लगा, तभी लोगों की नजर उस पर पड़ी। लोगों ने तत्काल कुत्ते को मौके से भगा दिया और शव को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया। इसके बाद मामले की सूचना ढली पुलिस थाना को दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी विरोचन नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए और शव को कब्जे में लेकर आईजीएमसी अस्पताल पहुंचाया। यहां शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। साथ ही बिसरा सैंपल लेकर आगामी जांच के लिए सीएफएसएल जुन्गा भेजा जा रहा है।

दबाकर फेंके जाने की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नवजात के शव को जंगली जानवरों या कुत्तों ने काटा है। शव पर मिट्टी लगी होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि नवजात को कहीं दबाया गया होगा, जिसे कुत्ते निकालकर घटनास्थल तक ले आए। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है।

शवगृह में रखा गया शव, पुलिस ने की अपील

नवजात के शव को आईजीएमसी अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को इस नवजात के संबंध में कोई जानकारी है या यह बच्चा किसी का है, तो वे तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 94 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की जा रही है, ताकि नवजात के बारे में कोई ठोस जानकारी मिल सके।

Exit mobile version