हिमाचल डेस्कः प्रदेश में नववर्ष की शुरुआत के साथ ही सीमेंट कंपनियों ने दाम बढ़ाकर आम जनता को महंगाई का झटका दिया है। प्रदेश की प्रमुख सीमेंट कंपनियों ने प्रति बैग सीमेंट के दाम में पांच रुपये की बढ़ोतरी की है, जो मंगलवार से लागू हो गई है।
एसीसी सुरक्षा सीमेंट, जो पहले 390 रुपये प्रति बैग मिलता था, अब 395 रुपये में मिलेगा। एसीसी गोल्ड सीमेंट के दाम 435 रुपये से बढ़कर 440 रुपये प्रति बैग हो गए हैं। वहीं अंबुजा सीमेंट की कीमत 400 से बढ़कर 405 रुपये प्रति बैग हो गई है। अल्ट्राटेक सीमेंट के दाम भी पांच रुपये बढ़े हैं और अब इसका एक बैग 400 रुपये में मिलेगा।
ये भी देखें :- ਲੁਧਿਆਣਾ ‘ਚ ਪੰਜਾਬ ਰੋਡਵੇਜ਼–ਪਨਬੱਸ ਕੱਚੇ ਕਾਮਿਆਂ ਦਾ ਪ੍ਰਦਰਸ਼ਨ, ਰਿਹਾਈ ਦੀ ਮੰਗ
सरिए के दामों में तेजी
सिर्फ सीमेंट ही नहीं, सरिए के दामों में भी तेजी आई है। बीते एक सप्ताह में सरिए की कीमत करीब 500 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई है। अब एक क्विंटल सरिया 5500 रुपये के बजाय 6000 रुपये में बिक रहा है।
नए रेट तत्काल प्रभाव से लागूः एसीसी सीमेंट
एसीसी सीमेंट विक्रेता पवन कुमार ने बताया कि कंपनी की ओर से दाम बढ़ाने की सूचना मिल चुकी थी और नए रेट तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती उत्पादन लागत और परिवहन खर्च के चलते कंपनियां कीमतें बढ़ाने को मजबूर हैं।
अंबुजा सीमेंट के विक्रेता रोहित कुमार ने बताया कि दाम बढ़ने से बाजार पर सीधा असर पड़ा है और ग्राहक भी बढ़ी कीमतों को लेकर असमंजस में हैं। वहीं अल्ट्राटेक सीमेंट के विक्रेता राकेश ने बताया कि अब कंपनी का नया रेट करीब 400 रुपये प्रति बैग तक पहुंच गया है।
सीमेंट के दाम बढ़ने पर जयराम का हमला
सीमेंट के दाम बढ़ने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश इस समय आपदा की चपेट में है। हजारों लोग बेघर हो चुके हैं और बड़ी संख्या में घर व पशुशालाएं आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर आपदा प्रभावितों की मदद नहीं कर रही है और दूसरी ओर सीमेंट के दाम बढ़ाकर उन लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है, जो अपने स्तर पर घरों का पुनर्निर्माण कर रहे हैं। ऐसे हालात में बार-बार सीमेंट के दाम बढ़ाना आपदा प्रभावितों के साथ अमानवीय व्यवहार है। उन्होंने यह भी कहा कि सीमेंट कंपनियों ने आगे भी दाम बढ़ाने का अल्टीमेटम डीलर्स को दे रखा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा की गंभीर स्थिति में भी कांग्रेस सरकार के फैसले आम जनता की परेशानियां बढ़ाने वाले साबित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जीएसटी कम कर सीमेंट के दाम घटाने का जनहितकारी फैसला लिया था, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। लेकिन हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने उस राहत को खत्म करते हुए एडिशनल गुड्स टैक्स लगाकर सीमेंट को फिर महंगा कर दिया।
ये भी पढ़ें :-Himachal Accident: हमीरपुर में सड़क हादसा, एक ही परिवार के 6 लोग घायल, 2 की हालत गंभीर

