Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल में 1 से 30 सितंबर तक होगी जनसंख्या गणना, 17 अगस्त से मिलेगा स्व-गणना का विकल्प

August 13, 2026

हिमाचल में 1 से 30 सितंबर तक होगी जनसंख्या गणना, 17 अगस्त से मिलेगा स्व-गणना का विकल्प

शिमला: हिमाचल प्रदेश के हिमाच्छादित क्षेत्रों में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव के.के. पंत ने निदेशालय जनगणना कार्य, हिमाचल प्रदेश की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए आगामी जनगणना गतिविधियों, प्रशासनिक तैयारियों और विभागों के बीच समन्वय की विस्तृत समीक्षा की।

मुख्य सचिव ने जनगणना के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए सभी प्रधान जनगणना अधिकारियों, जिला प्रशासन और संबंधित टीमों को बधाई दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूसरे चरण में आंकड़ों की गुणवत्ता और शत-प्रतिशत सटीकता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त प्रमाणिक आंकड़े राज्य की सामाजिक-आर्थिक विकास योजनाओं, भविष्य की नीतियों और केंद्र व राज्य स्तर पर बजटीय आवंटन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में इस राष्ट्रीय दायित्व को पूरी निष्ठा, सतर्कता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाना चाहिए।

1 सितंबर से 30 सितंबर तक चलेगा दूसरा चरण
निदेशक जनगणना कार्य दीप शिखा शर्मा ने बैठक में बताया कि हिमाचल प्रदेश में जनगणना का पहला चरण यानी मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। अब हिमाच्छादित क्षेत्रों में दूसरे चरण के तहत जनसंख्या गणना 1 सितंबर से 30 सितंबर तक करवाई जाएगी। आम लोगों की सुविधा और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए 17 अगस्त से 31 अगस्त तक पोर्टल पर स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। इसके माध्यम से पात्र नागरिक निर्धारित अवधि में स्वयं अपना विवरण दर्ज कर सकेंगे।

डिजिटल तकनीक और प्रशिक्षण पर जोर
बैठक के दौरान जनगणना के सफल संचालन से जुड़े तकनीकी और प्रक्रियात्मक पहलुओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। अधिकारियों को वित्तीय नियमों, प्रक्रियात्मक दिशा-निर्देशों और जनगणना में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक डिजिटल माध्यमों की जानकारी दी गई। इस दौरान मोबाइल ऐप और मॉनिटरिंग पोर्टल के इस्तेमाल के साथ-साथ गणनाकर्मियों और पर्यवेक्षकों के चरणबद्ध प्रशिक्षण मॉड्यूल पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को जनगणना प्रक्रिया के दौरान तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
राज्य स्तरीय सम्मेलन में सचिव सामान्य प्रशासन, सह राज्य जनगणना समन्वयक, निदेशक जनगणना कार्य, हिमाचल प्रदेश के हिमाच्छादित क्षेत्रों के उपायुक्त, नगर आयुक्त सह प्रधान जनगणना अधिकारी तथा कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

राज्य सरकार का फोकस अब हिमाच्छादित क्षेत्रों में जनसंख्या गणना के दूसरे चरण को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और जनगणना के आंकड़ों को अधिकतम सटीक एवं विश्वसनीय बनाने पर है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें