Site icon Dainik Savera Times

Himachal: शिमला से बड़ी खबर, छह मंजिला रिहायशी मकान में अचानक बड़ी दरारें, लोगों में दहशत

Shimla building cracks

Shimla building cracks

हिमाचल डेस्कः प्रदेश की राजधानी शिमला के चलौंठी इलाके से बड़ी खबर सामने आई है। शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक छह मंजिला रिहायशी मकान में अचानक बड़ी दरारें दिखाई देने लगीं। मकान में दरारें आने से वहां रह रहे लोग दहशत में आ गए।

हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने रात में ही मकान को खाली करवा दिया। इस इमारत में रह रहे 10 परिवारों को कड़ाके की ठंड में अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा।

होटल और अन्य मकानों में भी आई दरारें

इस घटना के बाद पास स्थित एक होटल और एक अन्य मकान में भी दरारें नजर आईं। एहतियातन प्रशासन ने इन भवनों को भी खाली करवा दिया। सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन ने कुछ समय के लिए सड़क यातायात भी बंद कर दिया और होटल व मकान में रह रहे लोगों को आसपास के सुरक्षित भवनों में शिफ्ट किया गया।

फोरलेन और टनल निर्माण बना चिंता का कारण

गौरतलब है कि भट्टाकुफर से चलौंठी तक फोरलेन निर्माण का कार्य जारी है। चलौंठी इलाके में टनल निर्माण के चलते कई मकान खतरे की जद में आ गए हैं। इससे पहले भी इस क्षेत्र में कई मकानों को खाली करवाया जा चुका है।

तीन दिन पहले दिखने लगी थीं दरारें

स्थानीय लोगों का कहना है कि दो से तीन दिन पहले ही घरों में हल्की दरारें नजर आने लगी थीं। इस बारे में फोरलेन निर्माण कंपनी और जिला प्रशासन को अवगत कराया गया था। उस समय कंपनी के कर्मचारियों ने भवन को सुरक्षित बताया था, लेकिन शुक्रवार रात अचानक बड़ी-बड़ी दरारें आने से लोगों को अपने घर छोड़कर सड़कों पर आना पड़ा।

फिलहाल सभी प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है और प्रशासन द्वारा मामले की जांच के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version