हिमाचल डेस्कः हिमाचल प्रदेश में जारी भारी बर्फबारी और बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। ठंड बढ़ने के साथ रास्तों पर बर्फ जमा होने से फिसलन बढ़ गई है, जिससे वाहन चलाना मुश्किल हो गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कई मुख्य सड़कों समेत दो नेशनल हाईवे बंद कर दिए हैं।
563 सड़कें बंद, लाहौल-स्पीति सबसे प्रभावित
स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) की रिपोर्ट के अनुसार, बर्फबारी, भूस्खलन और खराब मौसम से कुल 563 सड़कें बंद हैं, जिनमें NH-03 (कोकसर-रोहतांग पास-दारचा-सरचू) और NH-505 (ग्रामफू-बटल-लोसर) शामिल हैं।
ये भी देखें :-
लाहौल-स्पीति: 290 सड़कें ब्लॉक।
चंबा (पांगी, भरमौर, तिस्सा, सलूनी): 105 सड़कें।
मंडी: 64 सड़कें।
कुल्लू: 9 सड़कें।
सिरमौर और ऊना में भी कुछ सड़कें प्रभावित हैं, लेकिन बिलासपुर, हमीरपुर व कांगड़ा पर ज्यादा असर नहीं।
4,797 बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप
भारी बर्फबारी से बिजली आपूर्ति भी चरमरा गई है। 4,797 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर (DTR) प्रभावित हैं, जिनमें हाई-टेंशन लाइनों की खराबी मुख्य कारण है।
सोलन: 1,856 ट्रांसफॉर्मर।
मंडी: 901।
कुल्लू: 682।
चंबा: 659।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) के अधिकारी ने बताया, “बर्फबारी से सड़क संपर्क और बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचा है। मौसम के आधार पर प्राथमिकता से मरम्मत जारी है।”
हेल्पलाइन नंबर जारी, पर्यटकों को सतर्कता की सलाह
SDMA ने एक्स पर ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश, हिमपात और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। हेल्पलाइन: राज्य-1070, जिला-1077 व 9459455841।
प्रशासन ने पर्यटकों से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गैर-जरूरी यात्रा टालने और एडवाइजरी का पालन करने को कहा। लोक निर्माण व बिजली विभाग सड़कें साफ करने व आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रहेगी। लंबे सूखे के बाद यह वर्षा किसानों व पर्यावरण के लिए फायदेमंद है, लेकिन फिलहाल जनजीवन प्रभावित है। हिमाचल जाने से पहले स्थानीय अपडेट जांचें।
ये भी पढे़ं :- शख्स ने नदी में बहा दिया 20 लीटर दूध… मांगते रह गए भूखे बच्चे, वीडियो देख भड़के लोग

