हिमाचल डेस्कः हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की बल्हघाटी में बुधवार सुबह आदमखोर तेंदुए की दहशत से हड़कंप मच गया। तेंदुए के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह तेंदुए ने बल्हघाटी के तीन अलग-अलग गांवों में लोगों पर हमला किया। सबसे पहले उसने चंडयाल गांव में लोगों को निशाना बनाया, इसके बाद भडयाल गांव में दहशत फैलाई, जहां चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद तेंदुए ने मलवाणा गांव में एक युवक पर हमला किया, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान
मरने वालों में 40 वर्षीय बलवीर सिंह पुत्र थुंगु राम, निवासी भ्यूली (मंडी शहर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बलवीर सिंह प्रवासी मजदूर था, जो मंडी में रहता था और अपने रिश्तेदारों के पास आया हुआ था।
घायलों की पहचान
घायलों में साहिब सिंह पुत्र जोगी मलदार निवासी बिहार, दीनानाथ पुत्र बिक्रम निवासी भडयाल, चंपा देवी पत्नी मनोज कुमार निवासी मलवाणा, जनित पुत्र दीनानाथ निवासी भडयाल और रेखा देवी पत्नी दीनानाथ निवासी भडयाल शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक में चल रहा है।
लोगों ने तेंदुए को मार गिराया
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। अपनी सुरक्षा के लिए लोग हाथों में डंडे और अन्य हथियार लेकर घरों से बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि तेंदुए ने दोबारा हमला करने की कोशिश की, इसी दौरान लोगों ने उसे मार गिराया। तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रशासन और वन विभाग की कार्रवाई जारी
एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और पांच लोग घायल हुए हैं, जबकि तेंदुआ भी मारा गया है। प्रशासन द्वारा मृतक के परिजनों और घायलों को फौरी राहत प्रदान की जा रही है।
डीसीएफ मंडी वासु डोगर ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं और स्थिति को नियंत्रित किया गया। मामले की जांच वन विभाग द्वारा की जा रही है।

