Site icon Dainik Savera Times

Himachal News: शिमला में विंटर कार्निवल शुरू, सांस्कृतिक परेड के साथ वेशभूषा ने दर्शकों का मन मोहा

Shimla Winter Carnival

Shimla Winter Carnival

हिमाचल प्रदेश डेस्कः राजधानी शिमला के माल रोड पर बुधवार दोपहर विंटर कार्निवल का शुभारंभ भव्य महानाटी और सांस्कृतिक परेड के साथ हुआ। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित महानाटी में दो ब्लॉकों की 206 महिलाओं ने एक साथ नाटी कर हिमाचली संस्कृति की झलक पेश की। इसमें शिमला शहरी ब्लॉक की 86 और मशोबरा ब्लॉक की 120 महिलाएं शामिल रहीं। सभी महिलाएं पारंपरिक रेजटा और धाटू परिधान में नजर आईं। इस दौरान स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों ने भी नाटी में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

12 जिलों के कलाकारों ने लिया भाग

सांस्कृतिक परेड में प्रदेश के 12 जिलों से आए दलों ने अपनी लोक परंपराओं, नृत्यों और वेशभूषा से दर्शकों का मन मोहा। पारंपरिक ठोडा नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। नौ दिन तक चलने वाले इस भव्य आयोजन में देश और प्रदेश के करीब 70 कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। संगीत, नृत्य और लोक संस्कृति के इस उत्सव को देखने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे हैं।

सीएम सुक्खू ने की शिरकत

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए परेड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पंडाल के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई है।

पहली स्टार नाइट में रोहनप्रीत सिंह करेंगे प्रस्तुति

विंटर कार्निवल की पहली स्टार नाइट बुधवार को आयोजित की जाएगी। इसमें मशहूर पंजाबी गायक रोहनप्रीत सिंह रात 8:30 से 10:00 बजे तक प्रस्तुति देंगे, जबकि इससे पहले 8:10 से 8:30 बजे तक पंजाबी गायिका पूजा पंडित मंच संभालेंगी। इसके साथ ही पारंपरिक महानाटी का आयोजन भी होगा।

नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि यह आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक एकता और विरासत को प्रदर्शित करने का प्रमुख मंच है। इससे पूर्व रिज मैदान पर शाम पांच बजे सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें सूफी, पहाड़ी, कांगड़ी और पंजाबी कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।

बच्चों के लिए विशेष आकर्षण

विंटर कार्निवल में बच्चों के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। रानी झांसी पार्क में खिलौना रेलगाड़ी लगाई गई है, जहां बच्चे रेल यात्रा का आनंद उठा सकते हैं। इसके अलावा महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर सिड्डू, मालपुए और अन्य पारंपरिक उत्पादों की बिक्री की जा रही है। रिज मैदान पर खाने-पीने और कपड़ों के स्टॉलों पर भी खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

Exit mobile version