Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल प्रदेश भीषण सड़क हादसा : खाई में गिरी कार… 4 लोगों की हुई दर्दनाक मौत, 1 व्यक्ति घायल

Accident

Accident

Himachal Pradesh accident: हिमाचल की पहाड़ियों में एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसों की खबर सामने आई है। कुल्लू जिले के रोहतांग दर्रे के पास एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, हमीरपुर जिले में एक बाइक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो साल की बच्ची चमत्कारिक रूप से बच गई।

रोहतांग दर्रे के पास खाई में गिरी कार, चार की मौत

यह भीषण हादसा रविवार सुबह कुल्लू जिले के रोहतांग दर्रे के राहनीनाला के पास हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।

मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस और राहत-बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर तुरंत कार्य शुरू कर दिया। अभी तक मृतकों और घायल की पहचान नहीं हो सकी है। राहत अभियान जारी है और घायलों को निकटतम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बाइक सवार युवक की मौत, बच्ची 150 फीट गहरी खाई से सुरक्षित निकली

वहीं दूसरी घटना हमीरपुर जिले के सुजानपुर क्षेत्र के आंसला गांव से सामने आई है, जहां शुक्रवार देर रात एक बाइक सवार युवक मनसुख कुमार की 150 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। हादसे के समय बाइक पर उसके दोस्त कंचन कुमार की दो वर्षीय बेटी भी मौजूद थी, जो चमत्कारिक रूप से बच गई, हालांकि उसे कुछ चोटें आई हैं।

बताया जा रहा है कि पहाड़ी रास्ते की चढ़ाई और फिसलन के चलते कंचन ने मनसुख से कुछ दूरी पैदल चलकर मिलने की बात कही थी। जब काफी देर तक मनसुख और बच्ची नहीं पहुंचे, तो उन्होंने गांव वालों और पुलिस को सूचना दी। रात करीब 9 बजे तलाशी अभियान शुरू किया गया।

शनिवार सुबह पुलिस और होमगार्ड की टीम ने तलाशी अभियान में मनसुख का शव और घायल बच्ची को खाई में पाया। बच्ची को तत्काल सुजानपुर प्राथमिक उपचार केंद्र और बाद में हमीरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस जांच जारी

दोनों ही हादसों के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और दुर्घटनाओं के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम और फिसलन भरे रास्तों पर सावधानी बरतने की अपील की है।

Exit mobile version