Site icon Dainik Savera Times

Himachal: विंटर कार्निवाल और नववर्ष को लेकर जिला प्रशासन का विशेष प्लान, जानें नई गाइडलाइन

Shimla Winter Carnival

Shimla Winter Carnival

हिमाचल डेस्कः विंटर कार्निवाल शिमला-2025, क्रिसमस और नववर्ष की पूर्व संध्या के दौरान राजधानी शिमला में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष सुरक्षा एवं प्रबंधन प्लान लागू कर दिया है। इस प्लान के तहत शिमला शहर को पांच सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सभी सेक्टरों का ओवरऑल चार्ज एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पंकज शर्मा के पास रहेगा, जबकि प्रत्येक सेक्टर में एक-एक अधिकारी की तैनाती की गई है।

जिला दण्डाधिकारी शिमला अनुपम कश्यप ने मंगलवार को इससे संबंधित कार्यालय आदेश जारी किए। उन्होंने कहा कि क्रिसमस और नववर्ष के दौरान शिमला में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की संख्या में भारी बढ़ोतरी होती है, ऐसे में कानून व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने के लिए यह विशेष प्लान तैयार किया गया है।

आदेशानुसार प्रत्येक सेक्टर में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिसकी व्यवस्था वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पहले ही सुनिश्चित कर दी गई है। जिला प्रशासन की प्राथमिकता पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। यह विशेष प्लान 24 दिसंबर से 2 जनवरी 2026 तक लागू रहेगा।

इसके अलावा शिमला के एंट्री प्वाइंट्स पर एम्बुलेंस की तैनाती भी की जाएगी। जिला दण्डाधिकारी ने आमजन और पर्यटकों से प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वाहन निर्धारित गति में चलाएं, ओवरटेकिंग से बचें और शराब के नशे में वाहन न चलाएं।

सेक्टरवार तैनाती इस प्रकार रहेगी

सेक्टर-I (वन क्षेत्र)

शोघी और आसपास का क्षेत्र — नायब तहसीलदार शिमला शहरी भीष्म सिंह कंवर।

सेक्टर-II

मॉल रोड, रिज मैदान, स्कैंडल, चर्च, लक्कड़ बाजार, रीगल सिनेमा, लिफ्ट, सीटीओ, ऑकलैंड, आईजीएमसी, रेडिसन होटल, झांसी पार्क, शेर-ए-पंजाब और लोअर बाजार — एसडीएम शहरी ओशिन शर्मा, साथ में तहसीलदार शहरी शिमला नारायण सिंह वर्मा।

सेक्टर-III

पुलिस स्टेशन ईस्ट और न्यू शिमला क्षेत्र — तहसीलदार शिमला ग्रामीण संजीव गुप्ता।

सेक्टर-IV

फन वर्ल्ड, गलू, लम्बीधार, फागू, संजौली, ढली, कुफरी, मशोबरा, छराबड़ा, चीनी बंगला और आसपास का क्षेत्र — एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा।

सेक्टर-V

सभी ट्रैफिक प्वाइंट्स, 103 टनल, आईएसबीटी टूटीकंडी, ओल्ड बैरियर, चक्कर आदि क्षेत्र — नायब तहसीलदार शिमला ग्रामीण चांद राम।

Exit mobile version