Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल के ऊँचे इलाकों में बर्फबारी के आसार, इस तारीख से साफ होगा मौसम

Snowfall in Himachal Pradesh

Snowfall in Himachal Pradesh

हिमाचल डेस्क: हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। राज्य के ऊँचाई वाले इलाकों में रविवार को बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। राजधानी शिमला समेत कई जिलों में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंड का असर बढ़ गया।

शनिवार शाम से ही मनाली-लेह मार्ग के ऊँचे और दुर्गम हिस्सों में मौसम ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। बारालाचा ला और शिंकुला जैसे दर्रों के साथ-साथ आसपास की चोटियों पर हल्की बर्फबारी देखने को मिली। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू और कांगड़ा जिले की धौलाधार पर्वत श्रृंखला में भारी हिमपात हो सकता है। हालांकि राहत की बात यह है कि 15 दिसंबर के बाद मौसम के साफ होने की संभावना जताई गई है।

बता दें कि बर्फबारी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। कुल्लू जिला प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से मनाली से दारचा मार्ग पर रात के समय यातायात बंद करने का निर्णय लिया है। यह सड़क 14 और 15 दिसंबर को वाहनों के लिए बंद रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

राज्य में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। बीती रात 11 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। लाहौल-स्पीति के ताबो में तापमान माइनस 6.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं बिलासपुर और मंडी जिलों के कुछ हिस्सों में सुबह और शाम घना कोहरा छाया रहा, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

Exit mobile version