हिमाचल डेस्क: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि 70 साल से अधिक उम्र के पेंशनरों का पूरा एरियर अगले 40 दिनों में दिया जाएगा। सरकार अगले 3-4 महीनों में पेंशनरों के साथ बैठक करेगी और 1 जनवरी 2016 से लंबित एरियर पर बजट से पहले विचार करेगी। सुक्खू ने बुधवार को घुमारवीं में पेंशनर्स दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 2027 तक पूरा एरियर चुकाने का लक्ष्य है। 2026-27 में भी कुछ राशि जारी की जाएगी। साथ ही संशोधित ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट का भुगतान होगा।
69 करोड़ के विकास कार्यों का उद्घाटन-शिलान्यास
घुमारवीं विधानसभा के दौरे पर पहुंचे सीएम ने एम्स हेलीपैड से सड़क मार्ग द्वारा घुमारवीं आकर 69 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। टिकरी वार्ड में बहुउद्देशीय खेल परिसर की आधारशिला रखी गई। 5 करोड़ की लागत से बने नए पुलिस थाना भवन का उद्घाटन किया, जो आधुनिक सुविधाओं से लैस है। पुलिस स्टाफ क्वार्टर का शिलान्यास भी हुआ। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी व खेल एवं आयुष मंत्री विशेष रूप से मौजूद रहे।
सड़क व जल संरक्षण परियोजनाएं
सीएम ने सीरखड्ड पुल से घुमारवीं-बरठीं-शाहतलाई सड़क के नवीनीकरण, वर्षा जल संग्रहण योजना, 68 मीटर जीपयोग्य स्पैन पुल व अमरपुर-हडसर-जम्मन-घुमारवीं सड़क उन्नयन का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इससे पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था मजबूत होगी।
मनरेगा पर चिंता
सुक्खू ने केंद्र की मनरेगा बंद करने की कोशिश पर चिंता जताई। डाॅ. मनमोहन सिंह सरकार की इस योजना को ग्रामीण रोजगार गारंटी बताया और कहा कि इसका बंद होना हिमाचल के लिए दुखद होगा।

