
हिमाचल डेस्कः प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बुधवार सुबह से रुक-रुककर बर्फबारी जारी है, जबकि शिमला सहित कई अन्य भागों में बारिश दर्ज की गई है। एक दिन मौसम साफ रहने के बाद सुबह से रोहतांग दर्रा, बारालाचा दर्रा, शिंकुला दर्रा और कुंजम दर्रा में बर्फबारी हो रही है। दोपहर बाद अटल टनल के साथ कोकसर, घेपन पीक, बड़ा और छोटा शिगरी ग्लेशियर तथा चंद्रा घाटी में भी बर्फबारी से ठंड बढ़ गई।
ये भी पढ़ें :-
भरमौर-पठानकोट हाईवे 26 घंटे बाद बहाल
उधर, भरमौर-पठानकोट हाईवे 26 घंटे बाद वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया। बुधवार को जिले में 27 ट्रांसफार्मर बंद रहने से 135 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, जिले की दो सड़कें बंद रहने से आवागमन भी प्रभावित रहा।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला 10.0°C, सुंदरनगर 9.9°C, भुंतर 8.8°C, कल्पा 0.9°C, धर्मशाला 8.2°C, ऊना 11.0°C, नाहन 10.7°C, पालमपुर 12.0°C, सोलन 7.8°C, मनाली 3.1°C, कांगड़ा 13.2°C, मंडी 11.3°C, बिलासपुर 12.0°C, जुब्बड़हट्टी 10.0°C, कुफरी 6.0°C, कुकुमसेरी -1.8°C, सेऊबाग 7.7°C, बरठीं 11.6°C, कसौली 11.9°C, पांवटा साहिब 17.0°C, सराहन 2.1°C, देहरागोपीपुर 16.0°C, ताबो -2.8°C और नेरी में 13.5°C।
तीन दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 18, 19 और 20 मार्च को राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 19 और 20 मार्च को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और लाहौल-स्पीति जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट है। इस दौरान कई क्षेत्रों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। 21 से 24 मार्च के बीच ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है।
तापमान में गिरावट के आसार
अगले तीन दिनों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। वहीं, अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
अटल टनल की ओर वाहनों की आवाजाही पर रोक
अटल टनल, रोहतांग और धुंधी में बर्फबारी के चलते पुलिस ने अटल टनल की ओर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। सुबह नेहरूकुंड में ही सभी वाहन रोक दिए गए। हालांकि, दोपहर बाद फोर-बाई-फोर वाहनों को सोलंगनाला तक भेजा गया और शाम चार बजे से पहले कुछ वाहनों को अटल टनल की ओर जाने की अनुमति दी गई। डीएसपी मनाली केडी शर्मा के अनुसार, अटल टनल क्षेत्र में भारी बर्फबारी हो रही है, जिसके चलते फिलहाल वाहनों की आवाजाही बंद है। केवल आपात स्थिति में ही फोर-बाई-फोर वाहनों को लाहौल की ओर भेजा जा रहा है।
ये भी पढ़ें :-
मेष: दिन शुभ रहेगा...