Site icon Dainik Savera Times

Himachal में मौसम बदलेगा रुख: 8 दिसंबर को बर्फबारी की संभावना, पढ़ें IMD की रिपोर्ट

शिमला: हिमाचल प्रदेश में फिलहाल ठंड तो बढ़ रही है, लेकिन मौसम पूरी तरह सूखा बना हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के किसी भी क्षेत्र में बारिश या बर्फबारी नहीं हुई। ठंड का असर इतना बढ़ गया है कि आठ शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। इनमें कुकुमसेरी सबसे ठंडा रहा, जहां पारा -5.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

दिन में धूप, सुबह कोहरा

शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में दिन के समय ज्यादातर स्थानों पर धूप खिली रही, जबकि सुबह के समय कई मैदानी इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा। विभाग ने आज भी पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

8 दिसंबर को मौसम बदलने के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 8 दिसंबर को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। चंबा, किन्नौर और कुल्लू के ऊपरी क्षेत्रों में बादल छाने के साथ कहीं–कहीं हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। हालांकि, 9 से 12 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम फिर से साफ रहने का अनुमान है। निचले और मध्य पर्वतीय इलाकों में किसी भी प्रकार की वर्षा की उम्मीद नहीं है।

मंडी और बिलासपुर के कुछ क्षेत्रों में देर रात और सुबह घना कोहरा बन सकता है, जिसके चलते परिवहन से जुड़े लोगों और यात्रियों को सावधानी बरतने की अपील की गई है।

ये भी पढ़ें: हरियाणा में 2 दिन बाद चलेंगी बर्फीली हवाएं

कई स्थानों पर पारा जमाव बिंदु के करीब

कुकुमसेरी: -5.6°C, टैबो: -4.4°C, कल्पा: -0.6°C, मनाली: 1.1°C, भुंतर: 1.5°C, बजौरा: 1.4°C, रेकोंग पियो: 2.1°C, नारकंडा: 2.2°C, राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 2 डिग्री अधिक है।

कांगड़ा रहा सबसे गर्म

अधिकतम तापमान की बात करें तो कांगड़ा सबसे गर्म स्थान रहा, जहां दिन का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। शिमला: 15°C, धर्मशाला: 23°C, ऊना: 23.6°C, हमीरपुर: 23.6°C, मंडी: 20.2°C, मनाली: 14.4°C अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य सीमा के आसपास रहा और अगले चार से पांच दिनों तक मौसम के सूखे रहने की संभावना है।

Exit mobile version