Himachal Pradesh Weather : हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज बदल गया है। बता दें कि पहाड़ी राज्य में जहां सितंबर के आखिर तक ठंडी हवाओं और सुहावने मौसम की उम्मीद रहती है, वहीं इस बार इसके उलट स्थिति देखने को मिल रही है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे लोग अचानक गर्मी का अहसास कर रहे हैं।
दिन और रात दोनों में बढ़ा तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में हिमाचल के कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान में भी 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की चौंकाने वाली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सामान्यतः इस समय प्रदेश में मौसम ठंडा होने लगता है, लेकिन इस बार तापमान का बढ़ना लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बताया कि 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। इसका सीधा मतलब है कि लोगों को आने वाले दिनों में गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिलेगी। धूप खिलने और हवाएं कम होने से तापमान और ऊपर जा सकता है।
4 अक्टूबर से बदलेंगे हालात
हालांकि, 4 अक्टूबर से मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने 4 और 5 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया है। इन दिनों 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। विशेष रूप से ऊंचाई वाले क्षेत्रों और पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
गर्मी से राहत की उम्मीद
अगर मौसम विभाग का अनुमान सही साबित होता है तो लोगों को बढ़ते पारे से कुछ राहत मिलेगी। हल्की बारिश और हवाओं से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे मौसम फिर से सुहावना हो सकता है। हालांकि, फिलहाल 3 अक्टूबर तक प्रदेशवासियों को गर्मी झेलनी होगी।

