Last Updated: November 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

शिमलाः 124वें दिन भी जारी रहा प्राथमिक शिक्षकों का क्रमिक अनशन

November 26, 2026

शिमलाः 124वें दिन भी जारी रहा प्राथमिक शिक्षकों का क्रमिक अनशन

शिमला। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ (HPPTF) का क्रमिक अनशन शिमला स्थित निदेशालय, स्कूल शिक्षा के बाहर 124वें दिन भी जारी रहा। शिक्षकों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों को लेकर सरकार की ओर से लिखित अधिसूचना जारी नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वीरवार को अनशन में जिला सिरमौर के PTF ब्लॉक नौहराधार के पदाधिकारियों ने भाग लेकर शिक्षकों के अधिकारों और लंबित मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

इस दौरान PTF ब्लॉक नौहराधार के अध्यक्ष राजेश तोमर, महासचिव जयपाल अदमाईक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश चौहान, कोषाध्यक्ष सोमदत्त पुंडीर तथा जिला सिरमौर PTF के मुख्य सलाहकार सतपाल चौहान अनशन पर बैठे।

संघ की प्रमुख मांग 23 सितंबर 2025 को जारी न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम से संबंधित अधिसूचना को वापस लेने की है। संघ का कहना है कि इस अधिसूचना से प्राथमिक शिक्षकों में असंतोष है और इसे वापस लिया जाना चाहिए। इसके अलावा शिक्षकों की अन्य 24 लंबित मांगों को लेकर भी संघ लगातार सरकार और शिक्षा विभाग के समक्ष अपना पक्ष रख रहा है।

संघ के अनुसार, 11 नवंबर को निदेशक स्कूल शिक्षा के साथ हुई बैठक में अन्य 24 मांगों को लेकर सहमति बन गई थी। इसके बावजूद अभी तक इन मांगों के संबंध में लिखित अधिसूचना जारी नहीं हुई है। इसी कारण शिक्षकों ने अपना आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है।

गौरतलब है कि प्राथमिक शिक्षक संघ ने 11 जुलाई 2026 को पैदल न्याय यात्रा शुरू की थी, जो शिमला पहुंची थी। इसके बाद 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया और फिर निदेशालय में क्रमिक अनशन शुरू किया गया। संघ के मुताबिक, 11 जुलाई से शुरू हुए आंदोलन को अब 139 दिन हो चुके हैं।

शिक्षक संघ ने दोहराया है कि जब तक न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम की अधिसूचना वापस लेने और अन्य मांगों पर बनी सहमति को लेकर लिखित आदेश जारी नहीं होते, तब तक उनका संघर्ष शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें