प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करने और उसमें निरंतर बढ़ोतरी से किसानों की आय में इजाफा हो रहा है। साथ ही प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रसायनमुक्त खाद्यान्न उपलब्ध हो रहा है। प्रदेश सरकार ने इस वर्ष प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की का न्यूनतम समर्थन मूल्य 40 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलो कर दिया है। वहीं, गेहूं के समर्थन मूल्य में भी 20 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। सरकार के इस फैसले से प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों में खासा उत्साह है।
वर्तमान में जिले के 39,457 किसान प्राकृतिक खेती से जुड़ चुके हैं, जिनमें से 28,640 किसान पिछले तीन वर्षों के दौरान इस पद्धति से जुड़े हैं। जिले के सभी 14 विकास खंडों में किसान प्राकृतिक खेती अपना रहे हैं। किसानों को प्रदेश तथा प्रदेश से बाहर एक्सपोजर विजिट भी करवाई जा रही हैं। इससे हर वर्ष प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों के साथ-साथ इस विधि से तैयार उत्पादों की मात्रा में भी बढ़ोतरी हो रही है। द्रंग विकास खंड की ग्राम पंचायत कुन्नू के गांव कुन्नू निवासी कृष्ण कुमार पिछले पांच वर्षों से प्राकृतिक खेती कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वह गत वर्ष कृषि विभाग को दो क्विंटल गेहूं 60 रुपये प्रति किलो की दर से बेच चुके हैं। इस वर्ष उन्होंने प्राकृतिक खेती से सात क्विंटल मक्की का उत्पादन किया, जिसमें से 4.5 क्विंटल मक्की कृषि विभाग को 50 रुपये प्रति किलो की दर से बेची। इससे उन्हें कुल 22,500 रुपये की आय हुई। कृष्ण कुमार का कहना है कि प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों की गुणवत्ता बेहतर होने के साथ-साथ बाजार में भी अच्छे दाम मिल रहे हैं। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में सराहनीय कदम उठा रही है।
पधर संग्रह केंद्र में प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की बेचने पहुंचीं गांव मोड़धार की विमला ने भी सरकार की पहल की सराहना की। उन्होंने विभाग को एक क्विंटल मक्की बेची। विमला पिछले पांच वर्षों से प्राकृतिक खेती कर रही हैं और गत वर्ष भी उन्होंने एक क्विंटल गेहूं बेचा था। मक्की के समर्थन मूल्य में 10 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी के साथ-साथ सरकार द्वारा प्रति क्विंटल 200 रुपये ढुलाई भाड़ा भी दिया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे किसानों को आर्थिक संबल मिलने के साथ उनका मनोबल भी बढ़ा है।

