हिमाचल डेस्कः प्रदेश के जिला हमीरपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्य घायल हो गए। यह हादसा उपमंडल बड़सर के अंतर्गत बिझड़ी क्षेत्र में राजा भरथरी मंदिर करहा के समीप हुआ, जहां एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, सोहारी निवासी बलदेव सिंह अपने परिवार के साथ मथोल से बोलेरो गाड़ी में सवार होकर घर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान करहा के पास अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे खाई में गिर गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ये भी देखेंः- माता वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी के फैसले के खिलाफ संघर्ष समिति यूथ विंग का प्रदर्शन
स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। साथ ही पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बिझड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए करीब एक किलोमीटर दूर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिझड़ी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार और फर्स्ट एड किया।
दो महिलाओं की हालत नाजुक
डॉक्टरों ने दो महिलाओं—पूनम और अर्चना—की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया। अन्य घायलों को भी आगे के उपचार के लिए हमीरपुर भेजा गया है। फिलहाल दोनों महिलाओं का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
एएसआई बिझड़ी मनोज कुमार ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें :- JNU Campus में हुई नारेबाजी पर बोले गिरिराज सिंह, कहा- टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोग गलतफहमी में न रहें

